26 जनवरी सूची से राव इंद्रजीत सिंह का नाम गायब
26 जनवरी की हरियाणा सूची से गुरुग्राम सांसद राव इंद्रजीत सिंह का नाम गायब रहा। पहली और संशोधित दोनों सूचियों में शामिल नहीं, दिल्ली कार्यक्रम का हवाला दिया गया।
- 26 जनवरी की सूची से गुरुग्राम सांसद राव इंद्रजीत सिंह का नाम गायब
- पहली और संशोधित दोनों सूचियों में नहीं मिली जिम्मेदारी
- दिल्ली कार्यक्रम पहले से तय होने का दावा, सियासी संकेत तेज
गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) पर हरियाणा में होने वाले तिरंगा फहराने के कार्यक्रमों की सूची में गुरुग्राम से भाजपा सांसद एवं केंद्रीय गृहमंत्री राव इंद्रजीत सिंह का नाम शामिल नहीं किया गया है। हैरानी की बात यह है कि 19 जनवरी को जारी हुई पहली सूची में भी उनका नाम नहीं था और शनिवार को जारी संशोधित सूची में भी इसे जोड़ा नहीं गया।
हरियाणा सरकार ने प्रदेश में भाजपा के सभी लोकसभा और राज्यसभा सांसदों के साथ मंत्रियों को अलग-अलग जिलों में झंडा फहराने की जिम्मेदारी सौंपी है। इसी सूची में राव इंद्रजीत सिंह का नाम न होना राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है।
मामले पर राव इंद्रजीत सिंह के कार्यालय की ओर से कहा गया कि उन्हें तिरंगा फहराने को लेकर कॉल आया था, लेकिन उससे पहले ही दिल्ली में कार्यक्रम कंफर्म हो चुके थे। कार्यालय के अनुसार, संशोधित सूची जारी होने से पहले चंडीगढ़ CMO से फोन आया था, लेकिन तब तक दिल्ली का कार्यक्रम तय हो चुका था।
इस बीच, राव इंद्रजीत सिंह के धुरविरोधी माने जाने वाले कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह को नारनौल में झंडा फहराने की जिम्मेदारी दी गई है। हाल के दिनों में दोनों नेताओं के बीच जुबानी जंग सामने आई थी, जिसने इस सूची को लेकर सियासी संकेतों को और तेज कर दिया है।
सरकारी सूची के मुताबिक, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर को हांसी और केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर को पलवल की जिम्मेदारी दी गई है। भिवानी-महेंद्रगढ़ से सांसद धर्मबीर सिंह चरखी दादरी, कुरुक्षेत्र से सांसद नवीन जिंदल कैथल, राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा अंबाला, सुभाष बराला नूंह, रामचंद्र जांगड़ा बादली, कार्तिकेय शर्मा बराड़ा और किरण चौधरी तोशाम में ध्वज फहराएंगी।
इसके अलावा रेवाड़ी में मंत्री गौरव गौतम, कोसली में विधायक अनिल यादव और बावल में डॉ. कृष्ण कुमार मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री नायब सैनी गुरुग्राम और राज्यपाल असीम घोष पंचकूला में झंडा फहराएंगे।
तोशाम को बंसीलाल परिवार का गढ़ माना जाता है। किरण चौधरी 2019 में यहीं से विधायक बनी थीं। भाजपा जॉइन करने के बाद 2024 में श्रुति चौधरी को टिकट मिला और किरण चौधरी को राज्यसभा भेजा गया। नायब सरकार ने श्रुति चौधरी को जींद में झंडा फहराने की जिम्मेदारी सौंपी है, जबकि किरण चौधरी तोशाम में मौजूद रहेंगी।
Akhil Mahajan