हरियाणा में बढ़ते प्रदूषण पर बड़ा फैसला, 5वीं तक के स्कूल बंद
हरियाणा में बढ़ते प्रदूषण के चलते शिक्षा निदेशालय ने 5वीं तक के स्कूल बंद करने का निर्णय लिया। सभी जिलों के DC को स्थिति के अनुसार फैसला लेने की पावर दी गई।
-
हरियाणा में 5वीं तक के स्कूल प्रदूषण के चलते बंद होंगे
-
शिक्षा निदेशालय ने सभी जिलों के DC को निर्णय की पावर दी
-
बच्चों की पढ़ाई ऑनलाइन या हाइब्रिड मोड में कराई जाएगी
हरियाणा में बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए शिक्षा विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। राज्य में 5वीं तक के स्कूलों को बंद करने का निर्णय लिया गया है। इस संबंध में शिक्षा निदेशालय ने सभी जिलों के उपायुक्तों (DC) को पत्र जारी कर स्थिति का आकलन कर फैसले लेने की पावर दी है।
निदेशालय की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि दिल्ली-NCR क्षेत्र में AQI लगातार बढ़ रहा है, जिससे हवा की गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में पहुंच चुकी है। ऐसे में छोटे बच्चों के स्वास्थ्य को देखते हुए फिजिकल क्लास बंद करने और ऑनलाइन क्लास शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
यह निर्णय सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों पर लागू होगा। शिक्षा विभाग ने कहा है कि अगर किसी जिले में वायु गुणवत्ता खतरनाक स्तर पर है, तो वहां 5वीं तक के स्कूलों को तुरंत बंद कर दिया जाए।
सभी स्कूल प्रबंधन को सलाह दी गई है कि बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए ऑनलाइन या हाइब्रिड क्लासेस का विकल्प अपनाया जाए। शिक्षक घर से या स्कूल से ऑनलाइन पढ़ाई करवा सकते हैं।
यह कदम ग्रैप-3 (GRAP-3) के तहत लागू प्रतिबंधों के बाद उठाया गया है। सरकार ने दिल्ली-NCR में बढ़ते प्रदूषण को लेकर कई सख्त कदम पहले ही लागू कर दिए हैं, जिनमें निर्माण गतिविधियों पर रोक और डीजल वाहनों पर पाबंदी भी शामिल है।
Author1