ब्रिटिश यूनिवर्सिटी हरियाणा में खोलेंगी कैंपस, छात्रों के लिए बड़ा मौका!

सीएम नायब सिंह सैनी और ब्रिटिश डिप्टी हाई कमिश्नर की मुलाकात में हरियाणा में ब्रिटिश विश्वविद्यालयों के कैंपस, स्किल्ड लेबर, रोजगार और निवेश पर महत्वपूर्ण सहमति बनी।

ब्रिटिश यूनिवर्सिटी हरियाणा में खोलेंगी कैंपस, छात्रों के लिए बड़ा मौका!

• ब्रिटिश दूतावास की डिप्टी हाई कमिश्नर ने सीएम नायब सिंह सैनी से मुलाकात
• हरियाणा में ब्रिटेन के शीर्ष विश्वविद्यालयों के कैंपस खोलने पर विस्तृत चर्चा
• युवाओं के लिए उच्च शिक्षा, कौशल व रोजगार के नए अवसरों पर सहमति



मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मंगलवार को ब्रिटिश दूतावास की डिप्टी हाई कमिश्नर अलबा स्मेरिग्लियो ने शिष्टाचार भेंट की। बैठक के दौरान ब्रिटेन के शीर्ष विश्वविद्यालयों द्वारा हरियाणा में कैंपस खोलने की संभावनाओं पर महत्वपूर्ण चर्चा हुई। यह पहल प्रदेश के युवाओं को विश्वस्तरीय शिक्षा, उच्च कौशल और बेहतर रोजगार अवसर उपलब्ध करवाने में बड़ी भूमिका निभाएगी।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि इस यात्रा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और शिक्षा का विशेष महत्व है। इसी दिशा में हरियाणा सरकार विदेशी विश्वविद्यालयों के कैंपस प्रदेश में स्थापित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। ब्रिटेन के विश्वविद्यालयों का यहां आना प्रदेश की अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक पहचान को मजबूत करेगा।

डिप्टी हाई कमिश्नर अलबा स्मेरिग्लियो ने हरियाणा सरकार की पहलों की प्रशंसा की और भविष्य में विभिन्न परियोजनाओं पर मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता जताई। बैठक में ब्रिटेन में स्किल्ड लेबर डिमांड, हरियाणा के युवाओं के रोजगार अवसर और करियर संभावनाओं पर भी विस्तृत चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने युवाओं के प्रशिक्षण, कौशल विकास और चयन प्रक्रिया के लिए संयुक्त पहल करने पर सहमति व्यक्त की।

बैठक में ऑटोमोबाइल सेक्टर, नगर विमानन, कृषि, और रक्षा उपकरण जैसे क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श हुआ। मुख्यमंत्री ने इन क्षेत्रों में हरियाणा की नीतियों और औद्योगिक सुविधाओं की जानकारी साझा की तथा ब्रिटिश निवेशकों को राज्य में निवेश के लिए आमंत्रित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण गुप्ता, विदेश सहयोग विभाग की आयुक्त एवं सचिव अमनीत पी. कुमार और सलाहकार पवन चौधरी भी मौजूद रहे।