हरियाणा की रातें शिमला जैसी ठंडी, 4 जिलों में प्रदूषण खतरनाक स्तर पर

हरियाणा में मौसम ने करवट ली है। सुबह-शाम धुंध छाने लगी है और तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। महेंद्रगढ़ की रातें शिमला जैसी ठंडी, वहीं भिवानी समेत चार जिलों में प्रदूषण खतरनाक स्तर पर पहुंचा।

हरियाणा की रातें शिमला जैसी ठंडी,  4 जिलों में प्रदूषण खतरनाक स्तर पर

➤ हरियाणा में ठंड ने दस्तक दी, कई जिलों में सुबह-शाम धुंध छाई
➤ महेंद्रगढ़ की रातें शिमला जैसी ठंडी, न्यूनतम तापमान 15.5 डिग्री दर्ज
➤ भिवानी समेत 4 जिलों में प्रदूषण खतरनाक स्तर पर, AQI 488 तक पहुंचा


हरियाणा में मौसम ने करवट ले ली है। अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में जहां दिन में धूप हल्की गर्मी दे रही है, वहीं सुबह-शाम की धुंध और ठंडी हवाओं ने सर्दी की आहट दे दी है। प्रदेश के अधिकतर जिलों में तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, महेंद्रगढ़ जिले की रातें अब शिमला जैसी ठंडी हो चुकी हैं। यहां न्यूनतम तापमान 15.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।

वहीं दूसरी ओर, भिवानी, फरीदाबाद, चरखी दादरी और धौरेरा जैसे शहरों में प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ा है। भिवानी का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 488 दर्ज किया गया, जो खतरनाक श्रेणी में आता है। चरखी दादरी का AQI 396, फरीदाबाद का 399 और धौरेरा का 376 रिकॉर्ड हुआ। 24 घंटे पहले पंचकूला का AQI भी 334 दर्ज किया गया था, जिससे साफ है कि हवा में प्रदूषक तत्वों का स्तर तेजी से बढ़ रहा है।

मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि 30 अक्टूबर से 2 नवंबर तक मौसम में बदलाव के आसार बने रहेंगे। उत्तर और उत्तर-पश्चिमी हवाओं के हल्की से मध्यम गति से चलने की संभावना है, जिससे रात्रि तापमान में गिरावट और दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।

1 नवंबर को मौसम शुष्क रहेगा और ठंडी हवाओं का अनुभव होगा। सुबह का तापमान लगभग 14 डिग्री सेल्सियस, जबकि दिन का तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। आसमान साफ रहेगा, लेकिन 2 नवंबर को बादल छाने की संभावना है और अधिकतम तापमान में हल्की गिरावट आएगी। 3 नवंबर को हल्की वर्षा के भी संकेत हैं। मौसम विभाग ने बताया कि बारिश की संभावना 30 प्रतिशत तक है, जिससे तापमान घटकर 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के मौसम विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि राज्य में पश्चिमी विक्षोभ का आंशिक प्रभाव देखने को मिलेगा। इस दौरान दिन का तापमान हल्का बढ़ेगा, जबकि रातें ठंडी रहेंगी। उत्तर और उत्तर-पश्चिमी हवाएं लगातार चलेंगी, जिससे सर्दी का असर धीरे-धीरे बढ़ेगा।

मौसम विशेषज्ञों ने यह भी कहा कि प्रदूषण के बढ़ते स्तर से स्वास्थ्य पर असर पड़ सकता है, इसलिए नागरिकों को सुबह-सुबह खुली हवा में व्यायाम करने से बचने और मास्क पहनने की सलाह दी गई है।