हुड़दंग रोकने गए हरियाणा के सब इंस्पेक्टर की पीट-पीटकर हत्या

हिसार में हुड़दंग का विरोध करने पर सब इंस्पेक्टर रमेश की ईंट और डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। आरोपी मौके से फरार हो गए।

हुड़दंग रोकने गए हरियाणा के सब इंस्पेक्टर की पीट-पीटकर हत्या

हुड़दंग रोकने पर सब इंस्पेक्टर की हत्या

रिटायरमेंट से दो महीने पहले दर्दनाक वारदात

हमलावर कार और बाइक छोड़कर मौके से फरार


हरियाणा के हिसार में गुरुवार रात एक दर्दनाक वारदात हुई, जब हुड़दंग रोकने पर सब इंस्पेक्टर रमेश की ईंट और डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। यह घटना रात करीब 11:30 बजे की है। वारदात के बाद आरोपी मौके पर एक कार और दो दोपहिया वाहन छोड़कर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बताया कि परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं। फिलहाल शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा गया है।

मृतक सब इंस्पेक्टर रमेश कुमार (57) पिछले दस साल से एडीजीपी ऑफिस में तैनात थे। वे ढाणी श्यामलाल की गली नंबर-3 में अपने परिवार के साथ रहते थे। जानकारी के मुताबिक उनकी जनवरी में रिटायरमेंट होनी थी। रमेश का परिवार भी पुलिस विभाग से जुड़ा हुआ है।

रात करीब 10:30 बजे कुछ युवक गली में हुड़दंग और गाली गलौज कर रहे थे। रमेश ने बाहर निकलकर उन्हें ऐसा करने से मना किया, जिसके बाद वे युवक वहां से चले गए।

लेकिन करीब एक घंटे बाद आरोपी दोबारा लौटे। वे कार और दोपहिया वाहनों पर आए और रमेश के घर के बाहर जमकर गाली गलौज करने लगे। जब रमेश ने विरोध किया, तो आरोपियों ने उन पर ईंटों और डंडों से हमला कर दिया।

हमले में रमेश गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। उनकी चीखें सुनकर परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे और हमलावरों का पीछा करने की कोशिश की, मगर वे फरार हो गए। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।