महाराजा सूरजमल को खान लिखने पर भड़का जाट समाज, कन्हैया मित्तल के पोस्टरों पर कालिख पोती

कैथल में भजन गायक कन्हैया मित्तल के खिलाफ जाट समाज का विरोध। सूरजमल को सूरजखान लिखने पर पोस्टरों पर कालिख पोती, स्टेडियम पर ताला जड़ा। मित्तल की टीम ने वीडियो जारी कर माफी मांगी।

महाराजा सूरजमल को खान लिखने पर भड़का जाट समाज, कन्हैया मित्तल के पोस्टरों पर कालिख पोती

➤ कैथल में जाट समाज ने भजन गायक कन्हैया मित्तल के पोस्टरों पर कालिख पोती
➤ महाराजा सूरजमल को सूरजखान लिखने पर भड़का विवाद, स्टेडियम पर जड़ा ताला
➤ मित्तल की टीम ने वीडियो जारी कर दी माफी, बताया टाइपिंग मिस्टेक

हरियाणा के कैथल में जाट समाज और भजन गायक कन्हैया मित्तल के बीच विवाद ने तूल पकड़ लिया है। मामला महाराजा सूरजमल के नाम को लेकर हुआ। कथित तौर पर कन्हैया मित्तल के सोशल मीडिया पेज पर महाराजा सूरजमल का नाम “सूरज खान” लिखने के कारण जाट समाज नाराज हो गया। इसके बाद कैथल में जाट समाज ने कार्यक्रम स्थल पर ताला लगा दिया, पोस्टरों पर कालिख पोती और भजन गायक के खिलाफ नारेबाजी की।

कैथल में भजन गायक कन्हैया मित्तल के पोस्टर पर कालिख लगाते जाट समाज के लोग। - Dainik Bhaskar

मालूम हो कि यह विवाद श्री श्याम निष्काम सेवा मंडल कैथल द्वारा आयोजित श्याम जागरण कार्यक्रम के दौरान उभरा। कार्यक्रम महाराजा सूरजमल स्टेडियम में हो रहा था और इसमें कन्हैया मित्तल को भजन गाने के लिए बुलाया गया था। लाइव प्रसारण के दौरान सोशल मीडिया टीम ने स्टेडियम का नाम गलत लिख दिया। पोस्ट में “महाराजा सूरजमल स्टेडियम” की जगह “महाराजा सूरजखान स्टेडियम” लिख दिया गया। इसे देखकर जाट समाज के लोग सुबह करीब 10 बजे स्टेडियम पहुंचे और गेट पर ताला लगा दिया। कार्यक्रम के अंदर मौजूद टेंट और अन्य सामान को बाहर नहीं आने दिया गया। साथ ही कन्हैया मित्तल के पोस्टरों पर कालिख पोतकर विरोध जताया गया।

जाट समाज के नेताओं जगरूप ढुल और महावीर चहल ने कहा कि कन्हैया मित्तल द्वारा महाराजा सूरजमल को “खान” कहकर संबोधित करना अपमानजनक है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर माफी नहीं मिली तो पुलिस में शिकायत की जाएगी।

विरोध के बाद कन्हैया मित्तल की सोशल मीडिया टीम ने वीडियो जारी कर माफी मांगी। वीडियो में बताया गया कि कार्यक्रम के लिए उन्हें सोशल मीडिया की जिम्मेदारी दी गई थी और लाइव प्रसारण के दौरान गलती से नाम गलत लिख गया था। जैसे ही उन्हें इसका पता चला, उन्होंने इसे तुरंत सुधार दिया और महाराजा सूरजमल को आदरणीय कहकर संबोधित किया।

महाराजा सूरजमल

 महाराजा सूरजमल 18वीं सदी के महान जाट राजा थे। उन्होंने राजस्थान के भरतपुर रियासत की स्थापना की और अपने अदम्य साहस और युद्ध कौशल के लिए जाने जाते थे। उनका जन्म 13 फरवरी 1707 को हुआ था और 1733 में उन्होंने भरतपुर रियासत की नींव रखी। महाराजा सूरजमल ने 80 से ज्यादा युद्ध जीतकर लोहागढ़ किले का निर्माण भी करवाया था।