रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़े गए SHO विनय कुमार सस्पेंड
कुरुक्षेत्र में 50 हजार की रिश्वत लेते पकड़े गए SHO विनय कुमार को सस्पेंड कर दिया गया। ACB की कार्रवाई के बाद SP नीतिश अग्रवाल ने विभागीय जांच शुरू की है।
➤ 50 हजार की रिश्वत लेते पकड़े गए SHO विनय कुमार सस्पेंड
➤ SP नीतिश अग्रवाल ने की पुष्टि, विभागीय जांच शुरू
➤ एसीबी ने किया गिरफ्तार, कोर्ट से मिला एक दिन का रिमांड
हरियाणा के कुरुक्षेत्र में रिश्वतखोरी के आरोप में फंसे थाना सिटी थानेसर के SHO विनय कुमार को सस्पेंड कर दिया गया है। SP नीतिश अग्रवाल ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) से प्राप्त पत्र के बाद विभाग ने तुरंत कार्रवाई की है। साथ ही आरोपी SHO के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
ACB कुरुक्षेत्र की टीम ने SHO विनय कुमार को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। इसके बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे एक दिन के रिमांड पर भेज दिया गया है। इस दौरान टीम आरोपी से 3 लाख रुपए की रिकवरी को लेकर पूछताछ कर रही है।
SP नीतिश अग्रवाल ने कहा कि विभाग किसी भी भ्रष्टाचार के मामले में जीरो टॉलरेंस पॉलिसी पर काम कर रहा है। उन्होंने बताया कि SHO विनय कुमार को ACB की रिपोर्ट के बाद तुरंत प्रभाव से निलंबित किया गया और DSP रैंक के अधिकारी इस प्रकरण की जांच करेंगे।
जानकारी के अनुसार, विनय कुमार को हाल ही में SHO बनाया गया था। इससे पहले वह CIA-1 कुरुक्षेत्र में बतौर जांच अधिकारी तैनात थे और सुभाष मंडी चौकी के इंचार्ज भी रह चुके हैं। तीन महीने पहले अगस्त में ही उन्हें थाना सिटी थानेसर में SHO की जिम्मेदारी दी गई थी।
ACB के मुताबिक, शिकायतकर्ता अनिल कुमार, जो सिल्वर सिटी कुरुक्षेत्र का रहने वाला है, ने बताया कि उसका एक सिविल केस सागर पावर प्रोडक्ट के नाम से लाडवा की बैटरी फैक्ट्री से जुड़ा है। इस केस में SHO विनय कुमार ने राहत देने के नाम पर 5 लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी। शिकायतकर्ता ने पहले ही 3 लाख रुपए नकद दे दिए थे, जबकि बकाया 50 हजार रुपए देने के लिए SHO ने उसे सर्किट हाउस के पास बुलाया। जैसे ही SHO ने पैसे लिए, ACB टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया।
सूत्रों के अनुसार, ACB को यह शिकायत टोल फ्री नंबर के माध्यम से मिली थी। एसीबी पंचकूला इंस्पेक्टर राकेश कुमार की अगुवाई में टीम ने जाल बिछाया और SHO को गिरफ्तार किया। टीम ने मौके से 50 हजार रुपए बरामद किए हैं।
विनय कुमार की यह पहली SHO पोस्टिंग थी और उन्हें क्राइम कंट्रोल के लिए सिटी थाने की कमान दी गई थी। लेकिन भ्रष्टाचार के इस मामले ने पुलिस विभाग की छवि पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Author1