चर्चित अपराधी विनय त्यागी मारा गया, जानें
हरिद्वार के लक्सर में पुलिस वाहन पर हुई गोलीबारी में घायल अपराधी विनय त्यागी की एम्स ऋषिकेश में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
- लक्सर गोलीकांड में घायल अपराधी विनय त्यागी की एम्स ऋषिकेश में मौत
- 24 दिसंबर से ट्रॉमा ICU में था भर्ती, गोली के कई घाव थे
- हमले के दोनों आरोपी पहले ही पुलिस की गिरफ्त में
हरिद्वार जिले के लक्सर इलाके में हुई सनसनीखेज गोलीबारी की घटना में गंभीर रूप से घायल हुए चर्चित अपराधी विनय त्यागी की इलाज के दौरान मौत हो गई। विनय त्यागी का ऋषिकेश स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में उपचार चल रहा था, जहां शनिवार सुबह उसे मृत घोषित कर दिया गया।
एम्स प्रबंधन के अनुसार विनय त्यागी को 24 दिसंबर की शाम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसकी हालत गंभीर थी और उसे ट्रॉमा गहन चिकित्सा इकाई में जीवन रक्षक उपकरणों पर रखा गया था। विनय के सीने, बाजू और गर्दन पर गोली के गंभीर घाव थे।
एम्स के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. श्रीलाय मोहंती ने मौत की आधिकारिक पुष्टि की है। शनिवार सुबह करीब सात बजे चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित किया। सूचना मिलते ही हरिद्वार पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी। शव का पोस्टमार्टम एम्स परिसर में ही कराया जाएगा।
दरअसल 24 दिसंबर को लक्सर में ऊपरी पुल पर दो मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने पुलिस वाहन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। उस समय पुलिस विनय त्यागी को रुड़की से लक्सर अदालत में पेशी के लिए ले जा रही थी। अचानक हुए हमले में विनय को कई गोलियां लगीं और वह गंभीर रूप से घायल हो गया था।
घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए थे, जिनके भागते हुए फुटेज भी सामने आए थे। इस वारदात ने क्षेत्र की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे। पुलिस ने तुरंत बैरिकेडिंग कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
अगले दिन पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मुख्य आरोपी की पहचान सन्नी यादव उर्फ शेरा और उसके साथी अजय के रूप में हुई थी। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि पैसों के लेनदेन को लेकर विनय त्यागी लगातार धमकियां दे रहा था, जिससे बदले की भावना में इस हमले को अंजाम दिया गया।
Akhil Mahajan