मनीषा मौत केस: 17 दिन से भिवानी में डटी सीबीआई, परिवार से फिर पूछताछ

भिवानी की टीचर मनीषा की मौत मामले में सीबीआई लगातार 17 दिन से जांच कर रही है। परिवार, कीटनाशक विक्रेता और चश्मदीदों से पूछताछ हो चुकी है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए, लेकिन अब तक कोई आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ।

मनीषा मौत केस: 17 दिन से भिवानी में डटी सीबीआई, परिवार से फिर पूछताछ

सीबीआई टीम 17 दिन से भिवानी में कैंप
परिवार से फिर एक घंटे पूछताछ
कीटनाशक विक्रेता और घटनास्थल की जांच


भिवानी जिले के गांव ढाणी लक्ष्मण निवासी टीचर मनीषा की मौत मामले ने नया मोड़ ले लिया है। इस मामले की जांच कर रही सीबीआई टीम लगातार 17 दिन से भिवानी में डेरा डाले हुए है और अब तक कई अहम पहलुओं को खंगाल चुकी है।

शुक्रवार को सीबीआई की टीम एक बार फिर ढाणी लक्ष्मण पहुंची और मनीषा के परिजनों से करीब एक घंटे तक पूछताछ की। यह तीसरी बार है जब जांच एजेंसी ने परिवार के सदस्यों से सीधी बातचीत की है। इससे पहले टीम ने 11 से 13 अगस्त के बीच हुई घटनाओं और मनीषा की दिनचर्या से जुड़े सवाल पूछे थे।

इसी क्रम में गुरुवार को सीबीआई ने सिंघानी में कीटनाशक विक्रेता देवेंद्र से भी पूछताछ की थी। बताया जा रहा है कि देवेंद्र से यह जानने की कोशिश की गई कि क्या मनीषा ने उसके यहां से दवा खरीदी थी या किसी और ने उसका नाम लेकर दवा ली थी। पूछताछ के बाद टीम उस स्थान पर भी पहुँची, जहां से मनीषा का शव बरामद हुआ था। यहां करीब 20–25 मिनट तक सघन छानबीन की गई और कई साक्ष्य जुटाए गए।

इस दौरान दिल्ली से बुलाई गई एफएसएल टीम को भी जांच में शामिल किया गया। टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक आधार पर सैंपल लिए हैं। हालांकि अब तक सीबीआई ने कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है, जिससे मामले की पेचीदगी और रहस्य और गहरा गया है।

जानकारी के अनुसार, सीबीआई ने अब तक मनीषा के प्ले स्कूल संचालक और स्टाफ, नर्सिंग कॉलेज स्टाफ, शव देखने वाले चश्मदीदों, खेत मालिक और अन्य कई लोगों से पूछताछ की है। साथ ही, जिन परिस्थितियों में मनीषा का शव मिला, उस पर भी गहन जांच जारी है।

गौरतलब है कि इस मामले की जांच सीबीआई को सौंपने के बाद 3 सितंबर को दिल्ली से आई टीम ने इंस्पेक्टर विवेक कुमार के नेतृत्व में भिवानी पहुंचकर केस अपने हाथों में लिया था। भिवानी पुलिस से संबंधित सभी रिकॉर्ड लिए गए और दिल्ली में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। तब से लेकर अब तक टीम लगातार छानबीन कर रही है।

अब सभी की नजरें इस पर टिकी हैं कि सीबीआई कब और कैसे इस रहस्यमयी मौत से पर्दा उठाएगी।