हरियाणा के गोल्डन ब्वाय नीरज चोपड़ा की रिसेप्शन पार्टी 25 दिसंबर, PM मोदी समेत कौन सी बड़ी हस्तियां होंगी शामिल , जानें
ओलिंपिक गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा की रिसेप्शन पार्टी 25 दिसंबर को करनाल में होगी। 27 दिसंबर को दिल्ली में VIP रिसेप्शन रखा गया है।
नीरज चोपड़ा की रिसेप्शन पार्टी 25 दिसंबर को
करनाल और दिल्ली में होंगे तीन अलग-अलग कार्यक्रम
PM मोदी समेत VIP गेस्ट को दिया न्योता
हरियाणा के ओलिंपिक गोल्ड मेडलिस्ट और जेवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा की रिसेप्शन पार्टी 25 दिसंबर को आयोजित की जाएगी। करनाल में द ईडन और जन्नत हॉल में सुबह और शाम दो अलग-अलग कार्यक्रम रखे गए हैं। इसके बाद 27 दिसंबर को दिल्ली के लीला होटल में एक विशेष VIP रिसेप्शन पार्टी होगी।
नीरज चोपड़ा और उनकी पत्नी हिमानी मोर ने हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मुलाकात कर उन्हें रिसेप्शन पार्टी का न्योता दिया। इसकी पुष्टि नीरज के चाचा भीम चोपड़ा ने की है। उन्होंने बताया कि दिल्ली में होने वाली पार्टी में खास VIP गेस्ट शामिल होंगे।
25 दिसंबर को करनाल में आयोजित दोनों रिसेप्शन कार्यक्रमों में पारिवारिक और सामाजिक लोगों को आमंत्रित किया गया है। वहीं 27 दिसंबर को दिल्ली में होने वाले कार्यक्रम को पूरी तरह VIP रखा गया है। तीनों रिसेप्शन में नीरज और हिमानी दोनों परिवारों के साथ मौजूद रहेंगे।
बताया गया है कि कुल करीब ढाई हजार लोगों को निमंत्रण भेजे गए हैं। VIP गेस्ट की सूची अलग रखी गई है। प्रधानमंत्री को भी निमंत्रण भेजा गया है, जिसे लेकर नीरज खुद व्यक्तिगत रूप से देखरेख कर रहे हैं।
पानीपत के खंडरा गांव निवासी नीरज चोपड़ा ने सोनीपत की टेनिस खिलाड़ी हिमानी मोर से 16 जनवरी 2025 को शादी की थी। यह विवाह हिमाचल प्रदेश के सोलन स्थित एक रिजॉर्ट में बेहद सादगी और गोपनीय तरीके से हुआ था। शादी में केवल परिवार के सदस्य शामिल हुए थे।
शादी को लेकर नीरज चोपड़ा ने पहले कहा था कि दोनों परिवार एक-दूसरे को पहले से जानते थे। हिमानी खेल परिवार से आती हैं और खुद भी टेनिस खिलाड़ी रही हैं। ट्रेनिंग और प्रतियोगी सीजन की वजह से शादी को निजी रखा गया, लेकिन गांव और समाज की परंपराओं को निभाने का वादा भी उन्होंने किया था।
गौरतलब है कि 22 अक्टूबर को नीरज चोपड़ा को टेरिटोरियल आर्मी में लेफ्टिनेंट कर्नल का मानद रैंक दिया गया था। दिल्ली में हुए अलंकरण समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और थल सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया था।
Author1