निफ्टम कुंडली ने यमुना प्रभावितों के लिए बढ़ाया मदद का हाथ

यमुना में छोड़े गए पानी से प्रभावित लोगों की मदद के लिए निफ्टम कुण्डली ने प्रशासन को 300 पोषणयुक्त खाद्य पैकेट सौंपे। उपायुक्त ने इसे सराहनीय पहल बताते हुए राहत सामग्री तुरंत पीड़ितों तक पहुँचाने के निर्देश दिए।

निफ्टम कुंडली ने यमुना प्रभावितों के लिए बढ़ाया मदद का हाथ

निफ्टम कुण्डली ने यमुना प्रभावित परिवारों के लिए 300 खाद्य पैकेट प्रशासन को सौंपे
पैकट में बेसन लड्डू, जूस, केक व स्नैक्स जैसी पोषणयुक्त सामग्री शामिल
उपायुक्त ने जताया आभार, तुरंत प्रभावित लोगों तक पहुँचाई जाएगी राहत सामग्री
हथिनीकुंड बैराज से छोड़े गए पानी के चलते यमुना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे निचले इलाकों में रह रहे लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। प्रभावित परिवारों की मदद के लिए राष्ट्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी उद्यमिता एवं प्रबंधन संस्थान (निफ्टम) कुण्डली ने मानवीय पहल करते हुए जिला प्रशासन को सहयोग का भरोसा दिलाया है। 
निफ्टम के निदेशक डॉ. हरिंद्र सिंह ओबराय ने आज उपायुक्त सुशील सारवान से भेंट कर संस्थान द्वारा तैयार किए गए 300 खाद्य सामग्री के पैकेट भेंट किए। इन पैकेट्स में बेसन के लड्डू, जूस, केक और स्नैक्स जैसी पोषणयुक्त सामग्री शामिल है, ताकि प्रभावित लोगों को इस कठिन समय में संतुलित आहार मिल सके और उनका स्वास्थ्य सुरक्षित रह सके। उपायुक्त सुशील सारवान ने निफ्टम की इस सराहनीय पहल के लिए निदेशक डॉ. ओबराय और उनकी टीम का धन्यवाद किया।
 उन्होंने कहा कि प्रशासन और समाज की भागीदारी से ही संकट की घड़ी में लोगों को राहत पहुंचाना संभव हो पाता है। उपायुक्त ने खाद्य सामग्री को तुरंत नायब तहसीलदार राई के कार्यालय में भिजवाने और वहां से प्रभावित परिवारों तक वितरित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर निदेशक डॉ. ओबराय ने कहा कि निफ्टम केवल एक शैक्षणिक संस्थान ही नहीं, बल्कि समाज की जिम्मेदारियों को निभाने के लिए भी प्रतिबद्ध है। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि भविष्य में और अधिक राहत सामग्री की आवश्यकता पड़ी तो निफ्टम तुरंत अपनी ओर से अतिरिक्त पैकेट तैयार कर उपलब्ध करवाएगा। उपायुक्त ने कहा कि यमुना किनारे बसे गांवों में प्रशासन लगातार राहत और बचाव कार्य कर रहा है। हर संभव प्रयास किया जा रहा है कि प्रभावित लोगों को समय पर सहायता मिले और किसी भी व्यक्ति को भोजन या अन्य बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान न होना पड़े। निफ्टम द्वारा की गई यह पहल जिले में सामुदायिक सहयोग का उत्कृष्ट उदाहरण है, जो यह दर्शाती है कि संकट की इस घड़ी में समाज का हर वर्ग एक-दूसरे की मदद के लिए आगे आ रहा है।