मौसम का डबल अटैक, मैदानी इलाकों में ठंड, पहाड़ों में बर्फ- हिसार 1.6 डिग्री के साथ हरियाणा का सबसे ठंडा जिला
उत्तर भारत में मौसम का असर तेज हो गया है। हरियाणा में शीतलहर और पाला, पहाड़ी राज्यों में भारी बर्फबारी, कई इलाकों में कोहरा और बारिश दर्ज की गई।
- उत्तर भारत में मौसम का डबल अटैक, मैदानी इलाकों में शीतलहर, पहाड़ों में भारी बर्फबारी
- हिसार 1.6 डिग्री के साथ हरियाणा का सबसे ठंडा जिला, खेतों में पाला जमा
- जम्मू-कश्मीर से हिमाचल तक बर्फ, राजस्थान-हरियाणा में तापमान 10 डिग्री तक गिरा
उत्तर भारत में मौसम ने एक साथ कई रंग दिखाए हैं। पहाड़ी राज्यों में भारी बर्फबारी जारी है, जबकि मैदानी इलाकों में बारिश के बाद शीतलहर और कड़ाके की ठंड ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में जहां चारों ओर बर्फ की सफेद चादर बिछी है, वहीं हरियाणा, राजस्थान, पंजाब और दिल्ली में तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई है।
हरियाणा में एक दिन पहले हुई बारिश के बाद शनिवार को ठंड अचानक बढ़ गई। पूरे प्रदेश में शीतलहर चल रही है। शुक्रवार को दिन के तापमान में करीब 8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई, जबकि बीती रात राज्य का औसत न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री तक गिर गया।
भारत मौसम विज्ञान विभाग, चंडीगढ़ के अनुसार राज्य का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.3 डिग्री कम दर्ज किया गया है। कई जिलों में सुबह के समय पाला जमने से ठंड का असर और तेज हो गया है।
हिसार शनिवार को हरियाणा का सबसे ठंडा जिला रहा। यहां न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले की तुलना में 10.7 डिग्री कम है। हिसार के कई इलाकों में खेतों में पाला जमा मिला।
हिसार के बाद नारनौल में 2.5 डिग्री, सिरसा में 2.7 डिग्री और सोनीपत के सरगथल क्षेत्र में 2.1 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। सिरसा जिले में भी पाले का असर साफ दिखाई दिया।
उधर, देश के सबसे उत्तरी तीन राज्यों जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में गुरुवार-शुक्रवार से शुरू हुई बर्फबारी देर शाम तक जारी रही। शिमला, मनाली, मसूरी और कटरा में चारों तरफ बर्फ ही बर्फ नजर आ रही है।
उत्तराखंड के उत्तरकाशी और चमोली तथा जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में पिछले 24 घंटों से रुक-रुककर बर्फबारी हो रही है। मैदानी इलाकों में करीब एक फुट और ऊपरी पहाड़ी क्षेत्रों में 2 से 3 फीट तक बर्फ जम गई है।
लगातार बर्फबारी के चलते श्रीनगर एयरपोर्ट शनिवार को भी बंद रहा। इसके साथ ही NH-44 पर ट्रैफिक रोक दिया गया है। मौसम विभाग ने तीनों राज्यों के ऊंचाई वाले इलाकों में एवलांच (हिमस्खलन) की चेतावनी जारी की है।
वेस्टर्न डिस्टरबेंस के असर से राजस्थान में भी ओले और बारिश के बाद तापमान में 10 डिग्री तक गिरावट आई है। राज्य के इकलौते हिल स्टेशन माउंट आबू में तापमान माइनस 7 डिग्री तक पहुंच गया है, जबकि सीकर में ओस जमने की स्थिति बनी हुई है।
वहीं उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और मध्य प्रदेश के कई जिलों में हल्की बारिश दर्ज की जा रही है। राजधानी दिल्ली में बारिश के बाद कोहरा और धुंध छंट गई है, लेकिन तापमान गिरकर 11 डिग्री पर पहुंच गया है। पहाड़ों से आ रही तेज सर्द हवाओं के कारण ठिठुरन और बढ़ गई है।
मौसम विभाग ने हरियाणा के हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, मेवात, फतेहाबाद और सिरसा जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। सुबह के समय दृश्यता कम रहने से सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।
Akhil Mahajan