हरियाणा में पुलिस पर पथराव और फायरिंग, जेसीबी लगाकर शातिरों ने रोकी आवाजाही, 14 आरोपी गिरफ्तार, हथियार जब्त
हरियाणा के नूंह जिले में सीआईए टीम पर आरोपियों और उनके परिजनों ने फायरिंग और पथराव कर दिया पुलिस ने 14 लोगों को गिरफ्तार किया और भारी पुलिस बल गांव में तैनात कर दिया
➤ इंदाना गांव में सीआईए टीम पर पथराव व फायरिंग
➤ तीन पुलिसकर्मी घायल, 14 आरोपी गिरफ्तार, चार दर्जन लोगों पर केस
➤ राइफल, देसी कट्टा व अन्य अवैध हथियार बरामद, अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
हरियाणा के नूंह जिले में शनिवार को बड़ा बवाल खड़ा हो गया जब वाहन चोरी और साइबर ठगी के आरोपियों को पकड़ने गई सीआईए टीम पर गांव वालों ने अचानक पथराव और फायरिंग कर दी। घटना इतनी संगीन थी कि लगभग बीस मिनट तक पुलिस और हमलावर आमने-सामने खड़े रहे। इस दौरान तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए और हालात काबू से बाहर होते देख पुलिस को हवाई फायरिंग करनी पड़ी। बाद में भारी पुलिस बल की तैनाती के बीच 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और हथियार बरामद किए गए।
पुलिस ने बताया कि टीम आजाद पुत्र सूबे खा (उर्फ सुब्बा), शाहिद पुत्र खुर्शीद, शाहरुख पुत्र याकूब व अन्य संदिग्धों को पकड़ने गई थी क्योंकि इन पर पंजाब, आंध्र प्रदेश व अन्य स्थानों में भी मामले दर्ज थे। दबिश के दौरान आजाद ने पिस्टल निकालकर पुलिस पर ही फायर किया; एक गोली सिपाही समीर के हाथ के पास से निकल गई जिससे वह बाल-बाल बचा। घटना स्थल पर आजाद की पिस्टल भी गिर पड़ी, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।
घायल करने और गोलीबारी के बाद आजाद ने इलाके में शोर मचाकर लोगों को उकसाया; देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए और भीड़ ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। भीड़ ने जेसीबी मशीन को रास्ते में खड़ा कर पुलिस की आवाजाही रोक दी; पुलिस के मुताबिक अरसद पुत्र सुबेदार ने जेसीबी लगाई खालिद पुत्र शौकत ने राइफल से गोली चली जबकि वसीम अकरम पुत्र शौकत ने देसी कट्टे से निशाना साधा। भीड़ ने पुलिस वाहनों में तोड़-फोड़ भी की।
इस हिंसक मुठभेड़ में कुल तीन पुलिसकर्मी घायल हुए जिन्हें तुरंत सीएचसी पुन्हाना में भर्ती कराया गया और प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति पर नज़र रखी जा रही है। पुलिस ने मौके पर त्वरित कार्रवाई करते हुए चार महिलाओं समेत 14 लोगों को गिरफ्तार कर लिया और पूरे मामले में लगभग चार दर्जन लोगों पर FIR दर्ज की गई है; स्थानीय अधिकारियों के अनुसार करीब 50-60 लोग इस हमले में शामिल थे। घटनास्थल से राइफल, देसी कट्टा व अन्य अवैध हथियार बरामद किए गए हैं।
घटना के बाद गांव में भय और तनाव का माहौल बन गया, घटनास्थल और आसपास क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। बिछोर थाना प्रभारी और सीआईए टीम अब बाकी भागे आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए छानबीन कर रहे हैं और पूरे प्रकरण की गहन जांच जारी है।
Akhil Mahajan