पानीपत में सरकारी स्कूल का घेराव, शिक्षक पर बच्चियों से छेड़छाड़ का आरोप, कटा बवाल

पानीपत के शहरमालपुर गांव में महिलाओं ने सरकारी स्कूल का घेराव कर पीटीआई अध्यापक पर बच्चियों से छेड़छाड़ और अश्लील हरकतों का आरोप लगाया। छात्राओं ने खुलकर गवाही दी, पुलिस जांच कर रही है।

पानीपत में सरकारी स्कूल का घेराव, शिक्षक पर बच्चियों से छेड़छाड़ का आरोप, कटा बवाल

पानीपत के शहरमालपुर गांव में महिलाओं ने सरकारी स्कूल का घेराव कर पीटीआई अध्यापक पर बच्चियों से छेड़छाड़ और अश्लील हरकतों का आरोप लगाया
छात्राओं का आरोप—अध्यापक जबरन योगा करवाकर अश्लील हरकतें करता है, गंदी फिल्में दिखाता है और शिकायत करने पर धमकाता है
मामले में पुलिस पहुंची, जांच शुरू; थाना प्रभारी बोले—आरोपों की गहनता से जांच होगी, दोषी के खिलाफ कार्रवाई तय


पानीपत। हरियाणा के शहरमालपुर गांव में माहौल उस समय गरमा गया जब बड़ी संख्या में महिलाओं ने गांव के सरकारी स्कूल का घेराव कर एक अध्यापक पर बच्चियों से छेड़छाड़ और अश्लील हरकतों के गंभीर आरोप लगाए।

ग्रामीण महिलाओं और छात्राओं का कहना है कि आरोपी अध्यापक बच्चियों को जबरन योगा करवाता है और पीछे कुर्सी लगाकर बैठ जाता है, जिससे छात्राएं असहज महसूस करती हैं। आरोप है कि वह उन्हें अश्लील फिल्में दिखाता है और विरोध करने या शिकायत करने पर मारपीट व स्कूल से निकालने की धमकी देता है।

कई बच्चियों ने खुलासा किया कि उसकी हरकतों से परेशान होकर कुछ छात्राएं स्कूल तक छोड़ चुकी हैं। परिजनों ने पहले भी स्कूल प्राध्यापिका और सरपंच को शिकायत दी थी, लेकिन हर बार समझा-बुझाकर मामला दबा दिया गया। महिलाओं का कहना है कि इस चुप्पी ने आरोपी अध्यापक के हौसले और बुलंद कर दिए।

गुरुवार को जब महिलाओं का सब्र टूटा तो वे एकजुट होकर स्कूल पहुंचीं। इस दौरान मुख्याध्यापिका ने विद्यालय के गेट बंद करवाए, लेकिन महिलाएं अंदर दाखिल हो गईं। यहां बच्चों ने भी खुलकर अध्यापक की करतूतों का जिक्र किया।

सूचना मिलते ही 112 टीम और थाना बापौली के एसएचओ दलबीर सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों को कार्रवाई का आश्वासन दिया और स्थिति को शांत कराया।

थाना प्रभारी दलबीर सिंह ने कहा कि स्कूल प्रशासन की शिकायत पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। प्रशासन ने कुछ ग्रामीणों पर अनुशासन भंग करने का आरोप लगाया है, जबकि ग्रामीण अध्यापक पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मामला गंभीर है और गहन जांच की जा रही है। जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। इस घटना से पूरे गांव में आक्रोश है और लोग स्कूल प्रशासन व सरकार से सख्त कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।