DIG भुल्लर के घर से करोड़ों का कैश बरामद, नोट गिनती के लिए लगाई मशीनें
CBI ने पंजाब पुलिस के DIG हरचरण सिंह भुल्लर को 5 लाख की रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ा। चंडीगढ़ स्थित कोठी से ₹5 करोड़ नकद, लग्जरी गाड़ियां और 15 संपत्तियों के दस्तावेज बरामद। पंजाब पुलिस में मचा हड़कंप।
-
CBI ने पंजाब के DIG हरचरण सिंह भुल्लर को 5 लाख की रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ा
-
चंडीगढ़ कोठी से ₹5 करोड़ कैश, लग्जरी कारें, गहने और 15 प्रॉपर्टियों का पता चला
-
CBI की 52 सदस्यीय टीम ने मोहाली और चंडीगढ़ में मारा छापा, जारी है पूछताछ
पंजाब पुलिस के रोपड़ रेंज के DIG हरचरण सिंह भुल्लर को 5 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए CBI ने रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। CBI ने यह कार्रवाई गुरुवार को की, जब भुल्लर मंडी गोबिंदगढ़ के एक स्क्रैप कारोबारी से रिश्वत की रकम ले रहे थे। CBI टीम ने पहले से ट्रैप लगाकर उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया।
CBI की 52 सदस्यीय टीम ने इसके बाद मोहाली स्थित DIG ऑफिस और चंडीगढ़ सेक्टर-40 स्थित कोठी पर छापेमारी की। जांच में 3 बैग और 1 अटैची में भरे करीब ₹5 करोड़ कैश बरामद हुआ। नकदी इतनी अधिक थी कि टीम को मौके पर दो नोट गिनने की मशीनें मंगानी पड़ीं।
इसके अलावा टीम को लग्जरी कारें, सोने के गहने और कई महंगे ब्रांड्स के दस्तावेज भी मिले हैं। सूत्रों के अनुसार CBI ने भुल्लर की करीब 15 संपत्तियों का भी पता लगाया है, जो उनकी ज्ञात आय से कहीं अधिक हैं।
सीक्रेट लोकेशन पर चल रही पूछताछ
DIG भुल्लर को गिरफ्तार करने के बाद CBI ने उन्हें एक गुप्त स्थान पर रखकर पूछताछ शुरू कर दी है। शुक्रवार को उन्हें मोहाली CBI कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। अभी तक एजेंसी की ओर से औपचारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन CBI के सूत्रों के मुताबिक स्क्रैप कारोबारी की शिकायत में कुछ अन्य पुलिस अधिकारियों के नाम भी शामिल हैं, जिन पर जल्द कार्रवाई हो सकती है।
पंजाब पुलिस में हड़कंप
इस कार्रवाई से पंजाब पुलिस के शीर्ष स्तर पर हड़कंप मच गया है। DIG भुल्लर 2007 बैच के IPS अधिकारी हैं। उनके पिता महल सिंह भुल्लर पंजाब के पूर्व DGP रह चुके हैं, जबकि भाई कुलदीप सिंह भुल्लर कांग्रेस के पूर्व विधायक हैं।
भुल्लर को 27 नवंबर 2024 को रोपड़ रेंज का DIG लगाया गया था। अब CBI की गिरफ्तारी ने न केवल पुलिस विभाग बल्कि राजनीतिक हलकों में भी हलचल मचा दी है।
CBI की जांच से खुलेंगे और राज
सूत्रों का कहना है कि CBI को कई ऐसे वित्तीय लेनदेन के सबूत मिले हैं, जो सरकारी सेवा में रहते हुए नहीं किए जा सकते। इन लेन-देन में कुछ बेनामी संपत्तियों और मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल की भी जांच की जा रही है। एजेंसी ने पंजाब विजिलेंस ब्यूरो से भी रिकॉर्ड मांगा है, ताकि भुल्लर के पिछले कार्यकाल के दौरान की संपत्ति जांच को खंगाला जा सके।
मेरे खिलाफ केस, चालान पेश नहीं हुआ: मंडी गोबिंदगढ़ के स्क्रैप कारोबारी आकाश बत्ता ने 11 अक्टूबर को यह शिकायत दी थी। 29 अक्टूबर 2023 को उसके खिलाफ सरहिंद पुलिस थाने में केस दर्ज हुआ था। जिसमें आरोप लगाया गया था कि बिजनेस के लिए उसने फर्जीवाड़ा किया। इस केस में चालान और फाइनल रिपोर्ट पेश नहीं हुई थी।
DIG का करीबी मुझे मिला, सेवा-पानी मांगी: बत्ता ने आगे बताया- अगस्त 2025 में DIG हरचरण भुल्लर का करीबी कृष्नु मुझे मिले। वह मेरा भी जानकार था। उसने कहा कि DIG ने मुझे उसका केस रफा–दफा करने के लिए सेवा पानी (रिश्वत) इकट्ठा करने के लिए कहा है। कृष्नु ने कहा कि मंथली देने पर उसके खिलाफ इस केस में आगे कोई पुलिस एक्शन नहीं होगा।
रुपए न देने पर DIG ने ऑफिस बुलाया: बत्ता ने कहा- जब मैंने उससे रिश्वत की रकम पूछी तो कृष्नु ने कहा कि वह DIG से पूछकर बताएगा। इसी दौरान उसने टोकन अमाउंट के तौर पर 1 लाख रुपए मांगे। मैंने रुपए देने से इनकार कर दिया। इसके बाद सितंबर 2025 के आखिरी हफ्ते में DIG भुल्लर ने मुझे अपने ऑफिस में बुलाया।
ऑफिस में DIG गुस्से में आया, बोला– मैसेज का जवाब क्यों नहीं देता: वहां पहुंचने पर DIG गुस्से में आ गए। DIG ने कहा कि वह कृष्नु के जरिए भेजे मैसेज को लेकर कोई जवाब क्यों नहीं दे रहा। भुल्लर की तरफ से लगातार रिश्वत की मांग की जाती रही। भुल्लर ने कहा कि अगर वह शांतिपूर्ण ढंग से बिजनेस चलाना चाहता है और पुराने केस को सेटल करना चाहता है तो रिश्वत दे। वर्ना उसके केस का चालान पेश कर और केस दर्ज किए जाएंगे। डीआईजी ने कहा कि कृष्नु उसे कुल रिश्वत और मंथली के बारे में बता देेगा।
4 लाख रुपए लेकर चंडीगढ़ बुलाया: इसके बाद 8 अक्टूबर को कृष्नु ने उससे संपर्क किया। उसने कहा कि DIG के कहे मुताबिक 4 लाख रुपए लेकर चंडीगढ़ आओ। बत्ता ने कहा कि वह कृष्नु से मिला लेकिन उसे कोई पैसा नहीं दिया। इसके बाद उसे 11 अक्टूबर को मिलने की बात कही। इसके बाद उसने CBI को शिकायत कर दी। आज, 16 अक्टूबर को DIG को गिरफ्तार कर लिया गया।
Author1