राहुल गांधी बोले– हरियाणा सरकार तमाशा बंद करे, IPS परिवार पर प्रेशर न डालें, अफसरों पर कार्रवाई करें
हरियाणा IPS पूरन कुमार सुसाइड केस में राहुल गांधी ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा– “तमाशा बंद करो, परिवार पर प्रेशर मत डालो, अफसरों को गिरफ्तार करो।” उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से एक्शन लेने की मांग की।
➤ राहुल गांधी बोले हरियाणा सरकार तमाशा बंद करे
➤ IPS के परिवार पर प्रेशर न डालें अफसरों को अरेस्ट करें
➤ प्रधानमंत्री एक्शन लें अपमान न करें
हरियाणा IPS पूरन कुमार सुसाइड केस अब पूरी तरह सियासी तूफान में बदल गया है। बुधवार सुबह लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी चंडीगढ़ पहुंचे और आईएएस अमनीत पी. कुमार के सरकारी आवास जाकर दिवंगत IPS पूरन कुमार के परिवार से मुलाकात की। मुलाकात के बाद राहुल गांधी ने हरियाणा सरकार पर तीखा हमला बोला और कहा कि “सरकार तमाशा बंद करे, परिवार पर दबाव न डाले और दोषी अफसरों को तुरंत गिरफ्तार करे।”
राहुल गांधी ने कहा कि पूरन कुमार और उनकी पत्नी दोनों सरकारी अफसर थे, ऐसे में उन पर प्रेशर डालना न केवल अन्याय है, बल्कि पूरे देश के दलित समाज का अपमान भी है। उन्होंने कहा, “यह सिर्फ एक परिवार की ट्रेजेडी नहीं है, यह देश के करोड़ों दलित भाइयों-बहनों का संदेश है कि अगर वे कितने भी सफल हों, फिर भी सिस्टम उन्हें कुचल सकता है — यह हम स्वीकार नहीं करेंगे।”
उन्होंने आरोप लगाया कि IPS पूरन कुमार को वर्षों से सिस्टमेटिक भेदभाव का सामना करना पड़ा। राहुल बोले, “IPS की दो छोटी बेटियाँ हैं, उन्होंने अपने पिता को खोया है। मुख्यमंत्री ने परिवार को कमिटमेंट दिया था कि निष्पक्ष जांच और कार्रवाई होगी, लेकिन वह वादा पूरा नहीं हुआ।”
राहुल गांधी ने कहा कि हरियाणा सरकार परिवार पर प्रेशर डाल रही है, जिससे उनका संस्कार तक नहीं हो पा रहा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कहा कि “आप एक्शन लीजिए, परिवार का सम्मान कीजिए, दोषियों को गिरफ्तार कीजिए। IPS के करियर को खत्म किया गया और अब उनकी मौत के बाद भी अपमान हो रहा है — यह देश के दलित समाज का अपमान है।”
इससे पहले हरियाणा सरकार ने DGP शत्रुजीत कपूर को छुट्टी पर भेजकर ओम प्रकाश सिंह को कार्यकारी DGP बनाया। ओपी सिंह 1991 बैच के IPS अधिकारी हैं और 31 दिसंबर को रिटायर होने वाले हैं। वहीं, आईएएस अमनीत पी. कुमार लगातार पूर्व SP नरेंद्र बिजारणिया और अन्य अफसरों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ी हुई हैं।
31 सदस्यीय समाजिक कमेटी द्वारा दिया गया 48 घंटे का अल्टीमेटम भी आज समाप्त हो रहा है। कमेटी ने कहा है कि यदि कार्रवाई नहीं हुई, तो उग्र प्रदर्शन किया जाएगा। सोमवार को केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले भी परिवार से मिले थे और मुख्यमंत्री से बातचीत की थी।
पूरन कुमार ने 7 अक्टूबर को चंडीगढ़ सेक्टर-11 स्थित सरकारी आवास में खुद को गोली मारकर सुसाइड किया था। 8 पेज के सुसाइड नोट में उन्होंने DGP शत्रुजीत कपूर, SP नरेंद्र बिजारणिया सहित 15 अफसरों पर प्रताड़ना के आरोप लगाए थे। पोस्टमॉर्टम 7 दिन बाद भी नहीं हुआ, जिससे जांच आगे नहीं बढ़ पा रही।
Author1