राव इंद्रजीत सिंह राजनीति से रिटायर नहीं होंगे बोले- पीएम मोदी नहीं हुए रिटायर तो मैं क्यों

नारनौल में केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने राजनीति से रिटायरमेंट की अटकलों पर विराम लगाया। बोले- जब पीएम मोदी रिटायर नहीं हुए तो मैं क्यों, फैसला जनता करेगी।

राव इंद्रजीत सिंह राजनीति से रिटायर नहीं होंगे  बोले- पीएम मोदी नहीं हुए रिटायर तो मैं क्यों

• राव इंद्रजीत सिंह ने राजनीति से रिटायरमेंट के बयान पर लिया यू-टर्न
• बोले- जब पीएम मोदी रिटायर नहीं हुए तो मैं क्यों
• कहा- उम्र का तकाजा सबके साथ, फैसला जनता करेगी



गुरुग्राम से भाजपा सांसद और केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने राजनीति से रिटायरमेंट को लेकर दिए अपने पुराने बयान पर अब यू-टर्न ले लिया है। शनिवार को वह नारनौल की नई अनाज मंडी में मार्केट कमेटी के चेयरमैन और सदस्यों के शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचे थे, जहां उन्होंने साफ कर दिया कि वह राजनीति से संन्यास नहीं लेने जा रहे हैं।

मंच से संबोधित करते हुए राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि उम्र का तकाजा सभी के साथ है। पिछली बार जब वह नारनौल आए थे तो लोगों ने कहा कि इंद्रजीत सिंह तो रिटायर होने की चिट्ठी लिख चुके हैं। उन्होंने कहा कि अगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रिटायर नहीं हुए हैं तो उन्हें रिटायर होने की क्या जरूरत है। अगर जनता चाहती है तो वह क्यों राजनीति छोड़ें।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अंतिम फैसला जनता का होता है। जब तक जनता का आशीर्वाद मिलेगा, तब तक सेवा करता रहूंगा। उम्र अपने आप में कोई मापदंड नहीं है, काम करने की इच्छा और जनता का भरोसा सबसे बड़ा आधार है।

राव इंद्रजीत सिंह ने यह भी कहा कि आने वाली पीढ़ी को तैयार करना भी नेताओं की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को इस तरह तैयार करना होगा जो निजी स्वार्थ से ऊपर उठकर जनता की लड़ाई लड़ सके और गलत कार्यों के खिलाफ मजबूती से खड़ी हो।

भिवानी-महेंद्रगढ़ से भाजपा सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह के रिटायरमेंट वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि यह उनकी और धर्मबीर सिंह दोनों की जिम्मेदारी बनती है कि वे नई राजनीतिक पौध तैयार करें। उन्होंने कहा कि हमें यह सोचना होगा कि भविष्य में जनता की आवाज कौन उठाएगा।

गौरतलब है कि 24 अक्टूबर को नारनौल के भुंगारका गांव में एक कार्यक्रम के दौरान राव इंद्रजीत सिंह ने कहा था कि वह 74 साल के हो चुके हैं और युवाओं को आगे आना चाहिए। उसी बयान के बाद उनके राजनीति से संन्यास की अटकलें तेज हो गई थीं, लेकिन अब उन्होंने इन अटकलों पर विराम लगा दिया है।