लगातार बारिश ने दिया 1 और हादसे को जन्म, मकान की छत गिरने से महिला की दर्दनाक मौत

हरियाणा के रोहतक में लगातार बारिश के कारण जर्जर मकान की छत गिरने से 32 वर्षीय महिला की मौत हो गई। प्रशासन ने राहत कार्य तेज किया।

लगातार बारिश ने दिया 1 और हादसे को जन्म, मकान की छत गिरने से महिला की दर्दनाक मौत

➤ रोहतक में लगातार बारिश से मकान की छत गिरने से 32 वर्षीय महिला सुनहरी की मलबे में दबकर मौत
➤ मकान जर्जर था, सामान दूसरी किराए की जगह शिफ्ट करने के दौरान सुनहरी अंदर गई थी, तभी हादसा हुआ
➤ परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल, पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपा

हरियाणा के रोहतक जिले में लगातार हो रही बारिश ने एक दर्दनाक हादसे को जन्म दिया। नेहरू कॉलोनी में एक जर्जर मकान की छत अचानक गिर गई, जिसमें 32 वर्षीय महिला सुनहरी मलबे में दबकर मौत के घाट उतर गई। मृतक महिला अपने परिवार के साथ कठिन हालात में जीवन व्यतीत कर रही थी। पति मजदूरी का काम करता है।

जानकारी के अनुसार, बारिश के चलते मकान की दीवारों में दरारें आ गई थीं और स्थिति दिन-ब-दिन खराब होती जा रही थी। इसी बीच, मकान का अधिकांश सामान दूसरी किराए की जगह शिफ्ट किया जा चुका था। रविवार को घर के अंदर बचा अंतिम सामान निकालने के लिए सुनहरी ने अंदर जाने का निर्णय लिया। तभी अचानक मकान की छत ढह गई और मलबे के नीचे दबकर उसकी मौत हो गई।

पड़ोसियों के मुताबिक, सुनहरी ने पहले अपनी बेटी को सामान देकर बाहर भेजा था। इसके बाद जब वह घर के अंदर गई तो मकान की छत गिर गई। आसपास के लोग घटनास्थल पर इकट्ठा हो गए और मलबे को हटाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

पुलिस ने सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचकर शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। मृतक की सास व बेटी की हालत बेहद दुखी है। उन्होंने बताया कि लगातार हो रही बारिश के कारण मकान जर्जर हो गया था। मकान में दरारें पड़ने के कारण वे मकान खाली कराकर दूसरे स्थान पर शिफ्ट कर रहे थे।

पड़ोसी राजबाला ने बताया कि मकान को शिफ्ट करने का काम चल रहा था। मृतक महिला ने बहुत समझदारी से पहले बेटी को बाहर भेजा था, लेकिन खुद अंदर जा गई थी, तभी यह घटना हुई।

मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। प्रशासन ने जल्द से जल्द राहत कार्य करने और जर्जर मकानों की सूची बनाकर उनके खाली कराने की बात कही है ताकि भविष्य में ऐसे हादसे न हों।