समालखा में हजारों रुपये और जेवरों से भरा बैग लौटाने वानला रिक्शा चालक सम्मानित
हरियाणा के समालखा में रिक्शा चालक रमेश कुमार ने सड़क पर मिले लाखों रुपये और जेवरों से भरे बैग को पुलिस के माध्यम से उसके मालिक को लौटाकर ईमानदारी की मिसाल पेश की। पुलिस प्रशासन ने उन्हें सम्मानित किया।
➤ समालखा में रिक्शा चालक ने लौटाया हजारों रुपये और जेवरों से भरा बैग
➤ पुलिस ने ईमानदारी की मिसाल पेश करने वाले रमेश कुमार को सम्मानित किया
➤ ईमानदारी की चर्चा पूरे शहर में, हर कोई कर रहा तारीफ
समालखा , अशोक शर्मा
शहर में ईमानदारी की एक मिसाल सामने आई, जिसने सभी के दिलों को छू लिया। समालखा के ई-रिक्शा चालक रमेश कुमार ने सड़क पर मिले हजारों रुपये और सोने-चांदी के जेवरों से भरे बैग को उसके असली मालिक को लौटाकर समाज के लिए उदाहरण पेश किया।
बीती शनिवार रात, रमेश को सड़क पर दो थैले मिले, जिनमें 17 हजार रुपये नकद और करीब डेढ़ लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात रखे थे। रमेश ने बिना देर किए बैग को शहरी चौकी पुलिस के हवाले कर दिया, ताकि सही व्यक्ति तक उसकी अमानत सुरक्षित पहुंच सके।
इस नेक काम की जानकारी जब एसपी और डीएसपी तक पहुंची तो उन्होंने तुरंत रमेश कुमार को सम्मानित करने के निर्देश दिए। सोमवार को शहरी चौकी प्रभारी अनिल कुमार ने शहर के नागरिकों की मौजूदगी में रमेश कुमार का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया और नकद प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया।
चौकी प्रभारी अनिल कुमार ने कहा कि रमेश ने जिस ईमानदारी से अपना कर्तव्य निभाया है, वह समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा, “ईमानदार व्यक्ति जीवन में हमेशा सफल होता है। सच्चाई और ईमानदारी ही वह रास्ता है, जो अंत में सम्मान तक ले जाता है।”
रमेश की ईमानदारी की चर्चा अब पूरे शहर में है। आम नागरिकों से लेकर अधिकारी तक, हर कोई उनकी तारीफ कर रहा है। लोग कह रहे हैं कि अगर समाज में ऐसे लोग बढ़ें, तो अपराध और लालच खुद-ब-खुद कम हो जाएंगे।
Akhil Mahajan