समालखा पुलिस का जागरूकता अभियान, घर-घर जाकर दी नशे से दूर रहने की सीख

समालखा पुलिस एएसआई जगपाल सिंह ने स्कूल और गांव में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान चलाया। विद्यार्थियों को नशा न करने और दूसरों को भी दूर रखने की शपथ दिलाई।

समालखा पुलिस का जागरूकता अभियान, घर-घर जाकर दी नशे से दूर रहने की सीख

➤ समालखा पुलिस एएसआई जगपाल ने स्कूल व गांव में किया नशा मुक्ति जागरूकता अभियान
➤ विद्यार्थियों को दिलाई शपथ – "नशा नहीं करूंगा और दूसरों को भी दूर रखूंगा"
➤ अभियान डीएसपी समालखा की देखरेख में, समाज से सामूहिक जिम्मेदारी निभाने की अपील

समालखा, अशोक शर्मा

समालखा पुलिस लगातार नशा मुक्ति अभियान को मजबूती देने में जुटी हुई है। इसी कड़ी में एएसआई जगपाल सिंह ने शुक्रवार को गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल चमराड़ा में पहुंचकर विद्यार्थियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने बच्चों से कहा कि "मैं किसी भी प्रकार का नशा न करता था, न करता हूँ और न भविष्य में करूंगा।" साथ ही उन्होंने उनसे यह भी संकल्प करवाया कि वे अपने मित्रों, मोहल्ले के साथियों, परिवार के सदस्यों और समाज के अन्य लोगों को भी नशे से दूर रखने में योगदान देंगे।

एएसआई जगपाल ने न केवल स्कूल में, बल्कि गांव में जाकर भी डोर-टू-डोर अवेयरनेस अभियान चलाया। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त समाज का निर्माण केवल सरकार या किसी संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह सामूहिक प्रयासों से ही संभव है। उन्होंने छात्रों, उनके शिक्षकों और समाज के सभी वर्गों से अपील की कि वे इस आंदोलन को अपनी शक्ति और आशीर्वाद दें।

उन्होंने कहा कि समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए हर व्यक्ति को अपने स्तर पर प्रयास करना होगा। नशे से होने वाली हानियों के बारे में जानकारी हासिल करना और खुद को उससे दूर रखना जरूरी है। सरकार ने नशे पर प्रतिबंध लगाया है और यदि कोई व्यक्ति नशा करता या नशीले पदार्थ बेचता हुआ पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह अभियान पुलिस अधीक्षक पानीपत के नेतृत्व और डीएसपी समालखा की देखरेख में चलाया जा रहा है, ताकि समाज को नशा मुक्त बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा सकें।