सोनीपत में गुंडाराज ! दिनदहाड़े चली गोलियां, तीन घायल, एक गंभीर

सोनीपत में दो शराब ठेकेदारों की पुरानी रंजिश में गोलीबारी हुई। 8 से 10 युवकों ने हमला कर तीन लोगों को घायल कर दिया। सीसीटीवी में पूरा घटनाक्रम कैद हुआ। आरोपी भूपेंद्र दहिया पर पहले से कई मामले दर्ज हैं।

सोनीपत में गुंडाराज ! दिनदहाड़े चली गोलियां, तीन घायल, एक गंभीर

➤सोनीपत में दो शराब ठेकेदारों की रंजिश में चली गोलियां
➤8 से 10 हमलावरों ने की फायरिंग, तीन घायल एक गंभीर
➤CCTV में पूरा घटनाक्रम कैद, पुलिस जांच में जुटी


सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत जिले के खरखौदा क्षेत्र में बुधवार देर रात दो शराब ठेकेदारों की पुरानी रंजिश खूनी झड़प में बदल गई। एक गुट के 8 से 10 युवकों ने डंडे और हथियारों के साथ हमला बोल दिया। फायरिंग और मारपीट में तीन लोग घायल हुए हैं, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। पूरा घटनाक्रम CCTV कैमरे में कैद हो गया है। पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंचकर सबूत जुटा रही है।

घटना गांव पीपली की बताई जा रही है। पूर्व सरपंच और शराब कारोबारी रामनिवास ने बताया कि गोली चलाने का काम भूपेंद्र ठेकेदार वासी सिसाना और उसके साथ आए युवकों ने किया। उन्होंने कहा कि भूपेंद्र से उनकी लंबे समय से चली आ रही रंजिश और आपराधिक मुकदमेबाजी पहले से जारी है। इसी विवाद के चलते विरोधी गुट ने उन पर हमला किया।

रामनिवास के अनुसार, जब वे अपने पड़ोसी के घेर में बैठे थे, तभी तीन-चार गाड़ियों में सवार होकर हमलावर पहुंचे। पहले उन्होंने घेर में तोड़फोड़ की और फिर गली में फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से नवीन निवासी पिपली गंभीर रूप से घायल हुआ, जबकि सोनू और भगत को लाठी-डंडों से चोटें आईं। घायलों को खरखौदा के अस्पताल से PGI रोहतक रेफर कर दिया गया है।

CCTV फुटेज में साफ दिख रहा है कि हमलावर खुलेआम हथियार और लाठी-डंडे लेकर घूम रहे हैं। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों में छिप गए और पूरे इलाके में भय का माहौल फैल गया।

घटना की सूचना मिलते ही खरखौदा पुलिस और एसीपी टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों की रंजिश पुरानी है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है

कुख्यात शराब कारोबारी भूपेंद्र दहिया पर शराब तस्करी के 30 से अधिक मामले दर्ज हैं। वर्ष 2020 में लॉकडाउन के दौरान सीलबंद शराब बेचने के मामले में उसका नाम चर्चा में आया था। भूपेंद्र पहले भी कई बार गिरफ्तार हो चुका है और उस पर अवैध कारोबार, रंगदारी और हिंसा के केस दर्ज हैं।

वर्ष 2022 में प्रशासन ने नशे के कारोबार से अर्जित संपत्ति पर बुलडोजर चलाया था, जिसमें उसके 8 मकान और गोदाम तोड़े गए थे। इसके अलावा वह खरखौदा में स्कूल, ईंट भट्ठा और रेस्टोरेंट का मालिक है। पुलिस का कहना है कि यह हमला उसी आपराधिक नेटवर्क से जुड़ी पुरानी दुश्मनी का परिणाम है।