सोनीपत में युवक से मारपीट कर जबरन अपहरण, वसूली का आरोप
सोनीपत में युवक के साथ मारपीट कर जबरन गाड़ी में बैठाकर ले जाने और पैसों की वसूली का मामला सामने आया। वायरल वीडियो के आधार पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने केस दर्ज किया।
➤ सोनीपत में युवक से मारपीट कर जबरन गाड़ी में बैठाने का सनसनीखेज मामला
➤ पुराने परिचित पर तीन साथियों संग अपहरण और वसूली का आरोप
➤ वायरल वीडियो के आधार पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने केस दर्ज किया
सोनीपत। जिले में मारपीट, जबरन अपहरण और पैसों की वसूली का एक गंभीर मामला सामने आया है। कोट मोहल्ला निवासी चिराग चावला के साथ उसके ही परिचित ने तीन साथियों के साथ मिलकर पहले सार्वजनिक स्थान पर मारपीट की और फिर जबरन उसकी ही कार में बैठाकर दूसरे स्थान पर ले गया।
पीड़ित चिराग चावला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 4 जनवरी 2026 की रात करीब 8:30 बजे वह अपने दादा रतन लाल चावला को खाना खिलाने के लिए कच्चे क्वार्टर क्षेत्र गया था। इसी दौरान पंजाबी चिकन कॉर्नर के पास उसके परिचित आकाश नागर ने ब्याज के पैसों को लेकर विवाद शुरू कर दिया।
आरोप है कि आकाश नागर अपने तीन दोस्तों के साथ मौके पर पहुंचा और देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। चिराग के अनुसार आरोपियों ने मिलकर उसे पीटा। इस दौरान उसका दादा भी मौके पर मौजूद था।
पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने गाड़ी की चाबी छीन ली, उसके दादा को जबरन कार से उतार दिया और फिर चिराग को उसकी ही गाड़ी में जबरदस्ती बैठा लिया। इस पूरी घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें युवक के साथ मारपीट और जबरन गाड़ी में बैठाने के दृश्य साफ नजर आ रहे हैं।
वीडियो में एक युवक चिराग को पीटता दिख रहा है, जबकि दूसरा उसका गला पकड़े हुए है। इस दौरान गाली-गलौज करते हुए पैसों की बात कही जा रही है। चिराग का दादा उसे बचाने की कोशिश करता दिख रहा है, लेकिन उसे पीछे हटने के लिए कहा जाता है।
चिराग का आरोप है कि आरोपी उसे और उसके दोस्त को मॉडल टाउन स्थित अपने ऑफिस ले गए, जहां डराया-धमकाया गया, दोबारा मारपीट की गई और पैसों को लेकर जबरन हामी भरवाई गई। इसके बाद तीनों को छोड़ दिया गया।
घटना के बाद चिराग अपने दादा और दोस्त के साथ घर लौटा और फिर थाना सिविल लाइन सोनीपत में लिखित शिकायत दी। उसने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
सिविल लाइन थाना पुलिस ने धारा 115, 140(3), 351(3), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार जांच अधिकारी ASI प्रदीप ने सिपाही अजय के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Akhil Mahajan