हरियाणा रोडवेज बस ने 6 छात्राओं को कुचला, एक की मौ*त

बस स्टैंड पर चलती बस में चढ़ने की कोशिश में छह छात्राएं बस के नीचे आ गईं। तीन की हालत गंभीर है। एक की मौत हो चुकी है।

हरियाणा रोडवेज बस ने 6 छात्राओं को कुचला, एक की मौ*त

यमुनानगर में रोडवेज बस ने 6 छात्राओं को कुचला, एक की मौत
बस स्टैंड पर चढ़ने की हड़बड़ी में हादसा, ड्राइवर सस्पेंड
घायल छात्राओं में 3 की हालत गंभीर, अभिभावक बोले- रोज़ जोखिम में सफर


यमुनानगर जिले के प्रतापनगर बस स्टैंड पर गुरुवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। यहां बस में सवार होने की जल्दबाजी में कई छात्राएं नीचे गिर गईं। इसी दौरान हरियाणा रोडवेज की बस ने 6 छात्राओं को कुचल दिया। बस का पिछला पहिया उनके ऊपर से गुजर गया। हादसे में एक छात्रा की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा सुबह करीब 8 बजे हुआ। बस स्टैंड पर बड़ी संख्या में स्टूडेंट्स स्कूल और कॉलेज जाने के लिए खड़े थे। तभी पांवटा साहिब से दिल्ली जा रही बस पहुंची। बताया गया कि बस अभी पूरी तरह से रुकी भी नहीं थी कि छात्राएं उसमें चढ़ने लगीं। इसी दौरान बस के टर्न लेते ही भीड़ धक्का खाकर नीचे गिर गई और कई छात्राएं बस के पिछले टायरों के नीचे आ गईं।

सूत्रों के मुताबिक, एक छात्रा आरती के पेट के ऊपर से बस का पहिया गुजर गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। आरती अग्रसेन कॉलेज में बीकॉम फाइनल की छात्रा थी। बाकी छात्राओं के भी हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई हैं।

घायल छात्राओं की पहचान आरती (कुटीपुर), अर्चिता (प्रतापनगर), मुस्कान (टिब्बी), संजना (बहादुरपुर), अंजलि (प्रतापनगर) और अमनदीप के रूप में हुई है। सभी को पहले प्रतापनगर के कम्युनिटी हेल्थ सेंटर (CHC) में ले जाया गया, लेकिन एक्स-रे की सुविधा न होने के कारण यमुनानगर सिविल अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां से कुछ परिजन अपनी बेटियों को प्राइवेट अस्पताल ले गए।

यमुनानगर सिविल अस्पताल में भर्ती स्टूडेंट अर्चिता। उसके पैर में फ्रैक्चर हुआ है।

हादसे में 3 छात्राओं की हालत गंभीर बताई जा रही है। CHC के कर्मचारियों ने माना कि एक्स-रे सुविधा नहीं होने के कारण समय पर इलाज में दिक्कत हुई। हादसे के बाद बस ड्राइवर को तुरंत सस्पेंड कर दिया गया है

अस्पताल में इलाज के लिए पहुंची छात्रा अंजलि के भी पैर में चोट है।

घायल छात्राओं ने बताया, बस में चढ़ने की हड़बड़ी में यह हादसा हुआ। अर्चिता, जो जीएमआईटी कॉलेज की बीटेक छात्रा है, ने कहा – “बस आई तो हम चढ़ने लगे, लेकिन ड्राइवर ने अचानक बस चला दी। 8 से 10 छात्राएं नीचे गिर गईं और बस का टायर ऊपर से गुजर गया।”
वहीं, अंजलि (डीएवी कॉलेज, बीसीए फाइनल) ने कहा – “हर रोज हमें इसी तरह जोखिम लेकर सफर करना पड़ता है। बसें बहुत कम हैं, इसलिए चढ़ने की होड़ मचती है।” संजना, स्वामी विवेकानंद नर्सिंग कॉलेज की छात्रा, ने कहा – “सुबह एक ही बस आती है। उसी में चढ़ने के लिए सभी भागते हैं। बस ड्राइवर ने सही से नहीं रोकी, तभी हादसा हो गया।”

हादसे के दौरान प्रतापनगर बस अड्डे पर बड़ी संख्या में स्टूडेंट्स जमा हो गए।

मौके पर मौजूद लोगों ने कहा, रोडवेज प्रशासन को रूट पर बसों की संख्या बढ़ानी चाहिए ताकि छात्रों को इस तरह की स्थिति से गुजरना न पड़े। पुलिस ने ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।