जलभराव वाले गांव में बीमारियों से बचाव के लिए दवाई का छिडक़ाव किया जाए: धर्मबीर सिंह

भिवानी-महेन्द्रगढ़ सांसद धर्मबीर सिंह ने बवानीखेड़ा क्षेत्र में जलभराव से प्रभावित गांवों का हाल जाना। उन्होंने अधिकारियों को अतिरिक्त पंप सेट लगाने, दवाई का छिड़काव करने और नुकसान का निष्पक्ष सर्वे कराने के निर्देश दिए।

जलभराव वाले गांव में बीमारियों से बचाव के लिए दवाई का छिडक़ाव किया जाए: धर्मबीर सिंह

➤ सांसद धर्मबीर सिंह ने जलभराव से प्रभावित गांवों की समस्याएं सुनी
➤ स्वास्थ्य विभाग को गांवों में दवाई का छिड़काव करने के निर्देश
➤ फसलों व मकानों के नुकसान का निष्पक्ष सर्वे कराने के आदेश

भिवानी-महेन्द्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने बवानीखेड़ा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में जलभराव से जुड़ी समस्याओं को लेकर ग्रामीणों की शिकायतें सुनीं। महिला महाविद्यालय में आयोजित बैठक में ग्रामीणों ने सांसद को बताया कि भारी बारिश के बाद खेतों और आबादी क्षेत्र में पानी भर गया है, जिससे आमजन को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द पानी निकासी की मांग की।

सांसद धर्मबीर सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पानी की निकासी के लिए अतिरिक्त पंप सेट लगाए जाएं और खेतों से पानी आबादी क्षेत्र में न पहुंचे, इसके लिए ठोस व्यवस्था की जाए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को विशेष रूप से निर्देशित किया कि जलभराव वाले गांवों में बीमारियों से बचाव के लिए दवाई का छिड़काव किया जाए। साथ ही पशुओं की सुरक्षा के लिए पशुपालन विभाग को भी जरूरी कदम उठाने के आदेश दिए।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि फसलों और मकानों में हुए नुकसान का निष्पक्ष सर्वे किया जाए ताकि कोई भी प्रभावित परिवार मुआवजे से वंचित न रह सके। सांसद ने यह भी सुझाव दिया कि भविष्य में जलभराव की समस्या को रोकने के लिए गांवों और खेतों में बने तालाबों की खुदाई करवाई जाए और ड्रेनों की क्षमता बढ़ाई जाए ताकि वे ओवरफ्लो न हों।

सांसद ने गांव खेड़ी, बड़सी, जीताखेड़ी, मिलकपुर, सिकंदरपुर, सज्जनपुर, ढाणी कुशाल, पपोसा, जमालपुर, सीपर, बोहल, लोहारी जाटू, सुमड़ा, खेड़ा, बलयाली, सुई और प्रेम नगर के पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों से उनकी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीणों के सुझावों को प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जाए।

इस मौके पर एसडीएम महेश कुमार, सिंचाई विभाग के अधीक्षक अभियंता ओपी बिश्रोई, जनस्वास्थ्य विभाग के अधीक्षक अभियंता सुनील रंगा, बीडीपीओ सोमबीर कादयान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और अनेक गणमान्य ग्रामीण मौजूद रहे।