भिवानी में 35 तोले सोने की झूठी लूट, CCTV ने खोली वकील की पोल-लूट की फर्जी सूचना से रातभर दौड़ी पुलिस, आरोपी खुद निकला कहानीकार
भिवानी में 35 तोले सोने की लूट की झूठी सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। CCTV फुटेज और पूछताछ में खुलासा हुआ कि एक वकील ने ही फर्जी कहानी रची थी। पुलिस ने डायल 112 के दुरुपयोग पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।
➤ भिवानी में 35 तोले सोने की झूठी लूट से पुलिस में हड़कंप
➤ CCTV फुटेज में अकेला दिखा वकील, कहानी निकली फर्जी
➤ डायल 112 के दुरुपयोग पर पुलिस की सख्त कार्रवाई
भिवानी में अपराध की झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। शहर में 35 तोले सोने की लूट की सूचना से रातभर पुलिस सड़कों पर दौड़ती रही, लेकिन जब CCTV फुटेज खंगाले गए और आरोपी से सख्ती से पूछताछ हुई, तो पूरी कहानी ही पलट गई। मामला किसी आम व्यक्ति का नहीं, बल्कि भिवानी कोर्ट में प्रैक्टिस करने वाले एक वकील से जुड़ा निकला, जिसने खुद को लूट का शिकार बताकर सनसनी फैला दी थी।
जानकारी के अनुसार 29 जनवरी की रात करीब सवा 9 बजे डायल 112 पर सूचना मिली कि दो मोटरसाइकिल सवार युवकों ने 35 तोले सोना लूट लिया है। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस हरकत में आ गई। एसएचओ देवेंद्र कुमार एएसआई रामदिया और टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां गांव धनाना-3 निवासी अक्षय मिला, जिसने खुद को भिवानी कोर्ट में प्रैक्टिस करने वाला वकील बताया और दो युवकों पर लूट का आरोप लगाया।
पुलिस ने तुरंत इलाके के CCTV कैमरे खंगालने शुरू किए। क्राउन प्लाजा के पीछे की गली से लेकर झंकार रोड तक लगे कैमरों की जांच की गई, लेकिन फुटेज में आरोपी वकील अकेला ही आता-जाता नजर आया। जिन दो युवकों पर लूट का आरोप लगाया गया था, उनकी मौजूदगी कहीं दर्ज नहीं हुई। देर रात तक चली पूछताछ में आखिरकार वकील ने झूठी सूचना देने की बात कबूल कर ली।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने दिन में सोने की चेन खरीदी थीं और गांव धनाना से अंगूठियां, कड़े और मंगलसूत्र लेकर निकला था। बाद में किसी लेन-देन या निजी कारणों से उसने झूठी लूट की कहानी गढ़ दी। पुलिस का कहना है कि डायल 112 जैसी आपात सेवा का दुरुपयोग गंभीर अपराध है। एसपी के निर्देशानुसार आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है और आमजन से भी अपील की गई है कि ऐसी सुविधाओं का गलत इस्तेमाल न करें।
Akhil Mahajan