हिसार में सरकार पर बरसे अजय चौटाला, बोले- किसानों को छोड़ा रामभरोसे
हिसार जिले के जलभराव प्रभावित गांवों का दौरा कर अजय सिंह चौटाला ने किसानों से मुलाकात की। सरकार को लापरवाही के लिए घेरा और पीड़ितों को तुरंत मुआवजा देने की मांग की।
➤ अजय सिंह चौटाला ने हिसार जिले के जलभराव प्रभावित गांवों का दौरा किया
➤ किसानों की बर्बाद फसल और पानी निकासी की कमी पर सरकार को घेरा
➤ प्रभावितों को तुरंत मुआवजा और बीमारियों से बचाव के उपाय की मांग
जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय सिंह चौटाला ने हिसार जिले के जलभराव से प्रभावित कई गांवों का दौरा कर किसानों और ग्रामीणों से मुलाकात की। उन्होंने बिछपड़ी, सरसौद, राजली, बुगाणा और नारनौंद क्षेत्र में जाकर किसानों की समस्याओं को सुना और उनका दुख साझा किया।
चौटाला ने कहा कि सरकार और प्रशासन की लापरवाही से हालात बिगड़े हैं। कई जगहों पर 4 से 5 फुट तक पानी जमा है, जिससे मौजूदा फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई और अगली फसल भी प्रभावित होने की कगार पर है। उन्होंने राजली गांव में हालात का जायजा लेते हुए पाया कि पानी गांव में घुस चुका है, लेकिन प्रशासन ने पानी निकासी के लिए कोई प्रबंध नहीं किया। उनका कहना था कि दर्जनभर गांवों के दौरे में कहीं भी पानी निकासी के प्रयास नजर नहीं आए।
उन्होंने यह भी कहा कि हिसार-चंडीगढ़ मार्ग पर बिछपड़ी और सरसौद गांव के पास हाईवे पर 2 से 3 फुट पानी खड़ा है, लेकिन प्रशासन ने अभी तक पानी हटाने की कोशिश नहीं की। चौटाला ने सरकार से मांग की कि जिन लोगों की बारिश के दौरान जानें गईं और जिनके मकान गिरे हैं, उन्हें तुरंत मुआवजा दिया जाए। साथ ही सभी प्रभावित किसानों और ग्रामीणों को आर्थिक मदद दी जानी चाहिए।
उन्होंने चेतावनी दी कि जलभराव से जलजनित बीमारियों का खतरा तेजी से बढ़ रहा है। लोगों को शुद्ध पीने का पानी तक नहीं मिल रहा और बीमारियों का डर बना हुआ है, लेकिन सरकार व प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाए। उन्होंने मांग की कि जिनके मकान गिरे हैं, उन्हें प्राथमिकता से दोबारा बनाया जाए।
इस मौके पर जेजेपी जिला प्रधान अमित बूरा, जिला प्रभारी अनिल बालकिया, सत्यवान कोहाड़, करण सिंह देपल, राजेंद्र सोरखी, तरुण गोयल, काला सरपंच कनोह, बाली भाटोल, जयसिंह राजली, धर्मपाल चाहर और शमशेर राजली सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।