पूर्व विधायक के बेटे को गैंगस्टर रोहित गोदारा गिरोह की धमकी, मांगी दो करोड़ की रंगदारी

हरियाणा के बादली के पूर्व विधायक नरेश शर्मा के बेटे और ऑस्कर अस्पताल निदेशक हर्ष शर्मा को गैंगस्टर रोहित गोदारा गिरोह की ओर से दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई। व्हाट्सएप पर धमकी भरा संदेश भेजा गया। पुलिस ने केस दर्ज कर सुरक्षा दी है।

पूर्व विधायक के बेटे को गैंगस्टर रोहित गोदारा गिरोह की धमकी, मांगी दो करोड़ की रंगदारी


➤ बादली के पूर्व विधायक के बेटे को गैंगस्टर रोहित गोदारा गिरोह की धमकी, मांगी दो करोड़ की रंगदारी
व्हाट्सएप वाइस मैसेज के जरिए धमकी, कहा– "अस्पताल चलाना है तो पैसे दो"
डीसीपी अमित दहिया ने मौके का निरीक्षण किया, अस्पताल और परिवार को सुरक्षा दी गई


हरियाणा के बादली क्षेत्र से कांग्रेस के पूर्व विधायक नरेश शर्मा के बेटे हर्ष शर्मा को गैंगस्टर रोहित गोदारा गिरोह की ओर से दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। धमकी व्हाट्सएप वाइस मैसेज के जरिए दी गई, जिसमें कहा गया कि यदि अस्पताल चलाना है तो दो करोड़ रुपये तैयार रखो। धमकी मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात 8 बजकर 52 मिनट पर हर्ष शर्मा को व्हाट्सएप वाइस मैसेज मिला, जिसमें एक आवाज ने खुद को "गोदारा गैंग" से बताते हुए धमकी दी। कुछ देर बाद करीब सवा नौ बजे दूसरा संदेश आया, जिसमें दोबारा दो करोड़ रुपये तैयार रखने को कहा गया। घबराए हर्ष ने तुरंत डायल-112 पर सूचना दी।

सूचना मिलते ही डीसीपी अमित दहिया समेत पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। डीसीपी ने ऑस्कर अस्पताल का निरीक्षण किया और तुरंत सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने के निर्देश दिए। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए हर्ष शर्मा और उनके परिवार को सुरक्षा प्रदान कर दी है।

हर्ष शर्मा ने पुलिस में दी शिकायत में कहा कि उनके पिता नरेश शर्मा बादली विधानसभा के पूर्व विधायक हैं और उन्हें व उनके पिता को सामाजिक कारणों से जनता के बीच आना-जाना पड़ता है, इसलिए पूरे परिवार को सुरक्षा दी जाए।

पुलिस के अनुसार, धमकी भरे संदेश गैंगस्टर रोहित गोदारा गिरोह के नाम से आए हैं। बताया जा रहा है कि ऑस्कर ग्रुप के अन्य चार अस्पतालों को भी इसी तरह के ऑडियो संदेश मिले हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

डीसीपी अमित दहिया ने बताया कि मामले की जांच क्राइम टीम को सौंपी गई है और व्हाट्सएप नंबरों की ट्रेसिंग कराई जा रही है। जो भी संदिग्ध नंबर सामने आएंगे, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी को भी "भीख" या रंगदारी के नाम पर पैसा नहीं देने दिया जाएगा।

इस धमकी ने एक बार फिर हरियाणा में सक्रिय गैंगस्टर नेटवर्क की मौजूदगी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस साइबर सेल की मदद से वॉयस रिकॉर्डिंग और आईपी एड्रेस ट्रैक करने में जुटी है।