हिमाचल बीजेपी अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल के भाई राम कुमार बिंदल रेप केस में गिरफ्तार
हिमाचल प्रदेश के सोलन में बड़ा मामला सामने आया है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल के भाई राम कुमार बिंदल को 25 वर्षीय युवती से दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पीड़िता ने कोर्ट में बयान दर्ज करवा दिया है और एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।
-
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल के भाई राम कुमार बिंदल गिरफ्तार
-
25 वर्षीय युवती ने लगाया रेप का आरोप, महिला थाना सोलन में दर्ज हुआ केस
-
SFSL जुन्गा की टीम ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य, आरोपी से पुलिस पूछताछ जारी
सोलन। हिमाचल प्रदेश भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल के बड़े भाई राम कुमार बिंदल (75) को सोलन पुलिस ने एक 25 वर्षीय युवती से दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। सोलन के एसपी गौरव सिंह ने आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने महिला थाना सोलन में शिकायत दी कि वह बीमार चल रही थी और इलाज के लिए वैदिक चिकित्सा पद्धति अपनाना चाहती थी। 7 अक्टूबर 2025 को वह पुराना बस अड्डा सोलन के पास स्थित एक वैदिक चिकित्सक के पास पहुंची। वहीं पर आरोपी राम कुमार बिंदल मौजूद था।
युवती के अनुसार, आरोपी ने जांच के बहाने उसका हाथ पकड़ा और शरीर की नसें दबाने लगा। इसके बाद उसने यौन समस्याओं के बारे में पूछताछ की और दावा किया कि वह उसे पूरी तरह ठीक कर देगा।
जांच के दौरान आरोपी ने प्राइवेट पार्ट की जांच करने की बात कही, जिस पर युवती ने विरोध किया, लेकिन आरोपी ने जबरन गलत हरकत की।
पीड़िता ने किसी तरह खुद को छुड़ाकर बाहर आकर पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।
शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एफआईआर दर्ज की और एसएफएसएल जुन्गा टीम को मौके पर बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटवाए। इन साक्ष्यों के आधार पर शुक्रवार सुबह आरोपी को गिरफ्तार कर मेडिकल जांच के बाद पुलिस हिरासत में लिया गया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पीड़िता के बयान न्यायालय में दर्ज करवा दिए गए हैं और घटना से जुड़े वैज्ञानिक साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।
यह मामला राजनीतिक रूप से भी संवेदनशील बन गया है क्योंकि आरोपी भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल का बड़ा भाई बताया जा रहा है। फिलहाल भाजपा की ओर से इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
Author1