कैदियों के भविष्य की नई दिशा—जेल में ITI, CJI सूर्यकांत करेंगे शुभारंभ
गुरुग्राम की भौंडसी जेल में 6 दिसंबर को सुप्रीम कोर्ट के CJI सूर्यकांत नवनिर्मित ITI का उद्घाटन करेंगे। हाईकोर्ट जजों और IG ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की।
➤ 6 दिसंबर को भौंडसी जेल में कार्यक्रम में आएंगे CJI सूर्यकांत
➤कैदियों के लिए नवनिर्मित ITI का करेंगे उद्घाटन
➤ IG और हाईकोर्ट जजों ने की तैयारियों की समीक्षा
गुरुग्राम की भौंडसी जेल में 6 दिसंबर को सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस सूर्यकांत पहुंच रहे हैं। इस दौरान वे जेल परिसर में नवनिर्मित ITI (इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट) का शुभारंभ करेंगे। सोमवार को पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट और जिला कोर्ट के जजों के प्रतिनिधिमंडल ने IG बी सतीश बालन के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और तैयारियों की समीक्षा की।
इस ITI के माध्यम से कैदियों को तकनीकी शिक्षा और व्यावहारिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि रिहाई के बाद वे सम्मानजनक रोजगार प्राप्त कर सकें और सामाजिक जीवन में पुनर्स्थापित हो सकें। इस कार्यक्रम को सुधारात्मक न्याय व्यवस्था की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
निरीक्षण दल में एडीजे अमित ग्रोवर, एडीजे सुनील चौहान, एडीजे सुनील दीवान, एडीजे महावीर सिंह तथा सीजेएम रजत, जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के सचिव और सीजेएम राकेश कादियान शामिल रहे।
जेल सुपरिटेंडेंट विवेक चौधरी ने बताया कि चीफ जस्टिस कार्यक्रम के दौरान पहले स्किल डेवलपमेंट सेंटर और निर्माण सदन का दौरा करेंगे। इसके बाद वे आरटीसी, भौंडसी में आयोजित सेमीनार को संबोधित करेंगे।
निरीक्षण के दौरान जजों ने वर्कशॉप, जेल रेडियो, कंप्यूटर लैब, इलेक्ट्रॉनिक्स लैब, फिजिक्स लैब, संगीत शाला, सैलून और स्किल डेवलपमेंट सेंटर को करीब से देखा और प्रत्येक केंद्र पर संसाधनों, प्रशिक्षकों और कैदी प्रशिक्षण सहभागिता को परखा।
एडीजे अमित ग्रोवर ने कहा कि ऐसे कौशल विकास केंद्र कैदियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में अत्यंत प्रभावी साबित होंगे।
Author1