करनाल में दीपेंद्र हुड्डा का हमला: बजट 2026 में हरियाणा की अनदेखी
करनाल में सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने बजट 2026 और गुरु रविदास जयंती को लेकर भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने हरियाणा की अनदेखी, परियोजनाएं छीने जाने, कमजोर विदेश नीति और अवैध कॉलोनियों पर सरकार को घेरा।
➤ गुरु रविदास जयंती पर संसद चलने को लेकर दीपेंद्र हुड्डा का भाजपा पर हमला
➤ बजट 2026 में हरियाणा का नाम तक नहीं, जीएसटी-टोल देने के बावजूद उपेक्षा का आरोप
➤ परियोजनाएं छीने जाने, कमजोर विदेश नीति और अवैध कॉलोनियों पर तीखा तंज
करनाल पहुंचे कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने केंद्र सरकार के बजट 2026, गुरु रविदास जयंती और हरियाणा की अनदेखी को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जिस दिन गुरु रविदास जी की जयंती हो, उस दिन संसद नहीं चलनी चाहिए थी और इसे राष्ट्रीय अवकाश घोषित किया जाना चाहिए था। इसके बावजूद संसद चलाना भाजपा की मंशा और गुरु जी के प्रति उसके भाव को दर्शाता है। दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि कई वर्षों में यह पहला मौका है जब वे संसद नहीं गए, क्योंकि आज गुरु रविदास जयंती है।
सबसे अहम मुद्दे पर उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल के दूसरे पूर्ण बजट में भी हरियाणा को पूरी तरह नजरअंदाज किया गया। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर तंज कसते हुए कहा कि नाम तो नायब है, लेकिन बजट में हरियाणा का नाम ही गायब है। यह स्थिति 12वें साल में भी जस की तस है, जब हरियाणा के लोगों को बजट में अपने राज्य का नाम सुनने को नहीं मिला।
जीएसटी और टोल में आगे, फिर भी बजट में खाली हाथ
दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि हरियाणा देश में सबसे ज्यादा जीएसटी देने वाले राज्यों में शामिल है और टोल कलेक्शन भी सबसे अधिक करता है। इसके बावजूद बजट में न तो कोई बड़ा प्रोजेक्ट दिया गया और न ही नई सौगात। उन्होंने इसे हरियाणा के साथ खुला भेदभाव करार दिया।
परियोजनाएं छीनी गईं, वादे कागजों तक सीमित
उन्होंने आरोप लगाया कि पुरानी परियोजनाएं भी हरियाणा से छीन ली गईं। महम इंटरनेशनल एयरपोर्ट की योजना को हटाकर जेवर-नोएडा में शिफ्ट कर दिया गया। सोनीपत की रेल कोच फैक्टरी बनारस चली गई। एम्स के दस संस्थान आने थे, लेकिन आज तक उनका कोई अता-पता नहीं है।
गुरुग्राम की इंडियन नेशनल डिफेंस यूनिवर्सिटी को भी गांधीनगर शिफ्ट कर दिया गया। मेट्रो के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में मेट्रो एक प्रतिशत भी आगे नहीं बढ़ी, जबकि कांग्रेस शासन में हरियाणा में 88 किलोमीटर मेट्रो लाइन बनी थी। बारह साल में एक खंभा तक नहीं लगा।
डिपोर्ट हुए युवाओं पर विदेश नीति पर सवाल
अमेरिका से डिपोर्ट किए गए युवाओं के मुद्दे पर दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि यह भारत की कमजोर विदेश नीति का नतीजा है, जिसका खामियाजा हमारे युवा और अर्थव्यवस्था भुगत रहे हैं। दूसरे देशों में भारतीयों के साथ हो रहा व्यवहार मजबूत विदेश नीति की निशानी नहीं है।
अवैध कॉलोनियों पर शायराना तंज
अवैध कॉलोनियों के मुद्दे पर उन्होंने शायराना अंदाज में भाजपा पर निशाना साधा। कहा कि भाजपा सरकार में जनता कष्ट झेल रही है, जबकि उसके विधायक और नेता धड़ाधड़ अवैध कॉलोनियां काट रहे हैं, जनता की जेब काट रहे हैं और हरियाणा में भ्रष्टाचार के काच्चे काट रहे हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि उन नेताओं की सूची जारी की जाए जो कॉलोनियां नहीं काट रहे। अगर ऐसा नहीं हुआ तो माना जाएगा कि सभी विधायक इसमें शामिल हैं। उन्होंने दीनदयाल उपाध्याय जी के नाम पर भी अवैध कॉलोनियां काटे जाने पर सवाल उठाया।
Akhil Mahajan