दिशा पाटनी केस: फरार शूटर नकुल और विजय को पकड़वाने पर एक - एक लाख का इनाम
दिशा पाटनी के घर फायरिंग केस में पुलिस की बड़ी कार्रवाई। दो आरोपी एनकाउंटर में मारे गए, फरार शूटर नकुल और विजय पर इनाम घोषित। पिता जगदीश पाटनी ने योगी सरकार का आभार जताया।
➤ दो आरोपी एनकाउंटर में ढेर, दो फरार शूटरों नकुल और विजय की फोटो जारी
➤ पिता जगदीश पाटनी ने योगी सरकार और पुलिस की कार्रवाई की सराहना की
बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी के बरेली स्थित घर पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। यह घटना 12 सितंबर को हुई थी, जब गोल्डी बराड़ गैंग से जुड़े बदमाशों ने दिशा के घर पर 10 से ज्यादा राउंड गोलियां बरसा दी थीं। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से पुलिस कई राज्यों में सक्रिय हो गई।
बुधवार को उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में मुठभेड़ के दौरान इस घटना में शामिल दो बदमाश, अरुण और रविन्द्र, ढेर कर दिए गए। अब दिल्ली पुलिस ने फायरिंग करने वाले दो अन्य फरार शूटरों नकुल और विजय की तस्वीर सार्वजनिक कर दी है और दोनों आरोपियों पर एक एक लाख का इनाम घोषित किया गया है। जांच में सामने आया कि ये दोनों शूटर 9 सितंबर को बरेली के एक पेट्रोल पंप के CCTV कैमरे में कैद हुए थे। इसके बाद से ही उनकी तलाश लगातार जारी है।
पुलिस ने इस पूरे नेटवर्क को उजागर करने के लिए 2 हजार से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले। खुलासा हुआ कि हमले के दौरान अपाचे बाइक पर बैठे अरुण और रविन्द्र ने फायरिंग की थी, जबकि स्प्लेंडर बाइक पर नकुल और विजय मौजूद थे। पूरी वारदात में गोल्डी बराड़ गैंग के पाँच शूटर शामिल बताए जाते हैं। इनमें से एक शूटर तबीयत खराब होने की वजह से अंतिम समय पर पीछे हट गया था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि 6 से 12 सितंबर के बीच आरोपियों ने कई बार बरेली का दौरा किया और 11 सितंबर को रेकी करने के बाद अगले दिन हमला अंजाम दिया।
पिता जगदीश पाटनी का बयान
दिशा पाटनी के पिता और रिटायर्ड सीओ जगदीश पाटनी ने इस मामले पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा—
"मैं अपनी और अपने परिवार की ओर से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करता हूं। जैसा उन्होंने आश्वासन दिया था, वैसा ही उन्होंने अपराधियों को ढूंढ निकाला और सख्त कार्रवाई की। आज मैंने मुख्यमंत्री से फोन पर बात कर धन्यवाद दिया। उनके मार्गदर्शन में यूपी सरकार और यूपी पुलिस भयमुक्त समाज की परिकल्पना को साकार कर रही है।"
इस कार्रवाई ने न केवल दिशा पाटनी के परिवार को राहत दी है, बल्कि बरेली और आसपास के लोगों के बीच भी भरोसा पैदा किया है कि अपराधियों को जल्द अंजाम तक पहुंचाया जाएगा।
Akhil Mahajan