लिफ्ट के बहाने विवाहिता से दरिंदगी, चलती गाड़ी से फेंककर फरार
फरीदाबाद में 28 वर्षीय महिला से ईको वैन में रेप। 3 घंटे तक घुमाने के बाद आरोपियों ने महिला को चलती गाड़ी से फेंक दिया।
- फरीदाबाद में शादीशुदा महिला से चलती ईको वैन में रेप
- 3 घंटे तक शहर की सड़कों पर घुमाते रहे आरोपी
- महिला को चलती गाड़ी से फेंककर फरार हुए युवक
हरियाणा के फरीदाबाद में 28 वर्षीय शादीशुदा महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि दो युवकों ने ईको वैन में महिला को बंधक बनाकर करीब तीन घंटे तक शहर की सड़कों पर घुमाया और इस दौरान उसके साथ चलती गाड़ी में रेप किया।
पीड़िता की बहन के मुताबिक, सोमवार रात करीब साढ़े 8 बजे महिला घर से दोस्त के घर जाने की बात कहकर निकली थी। उसने फोन पर बताया था कि घर में मां से कहासुनी हो गई है और वह दो-तीन घंटे में लौट आएगी।
रात करीब 12 बजे महिला दो नंबर चौक से कल्याणपुरी 3 नंबर चौक जाने के लिए सवारी तलाश रही थी, तभी ईको वैन सवार दो युवकों ने लिफ्ट देने के बहाने उसे गाड़ी में बैठा लिया। आरोप है कि युवक उसे कल्याणपुरी चौक के बजाय गुरुग्राम रोड की ओर ले गए।
पीड़िता की बहन का कहना है कि आरोपी महिला को गुरुग्राम हनुमान मंदिर से आगे ले गए और करीब तीन घंटे तक वैन में कैद कर घूमते रहे। इस दौरान उन्होंने महिला के साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया। महिला ने विरोध भी किया, लेकिन सुनसान सड़क होने और गाड़ी के चलते रहने के कारण उसकी आवाज बाहर नहीं जा सकी।
मंगलवार अलसुबह करीब 3 बजे आरोपियों ने एसजीएम नगर के राजा चौक स्थित मुला होटल के पास महिला को चलती वैन से सड़क पर फेंक दिया और मौके से फरार हो गए। सड़क पर गिरने से महिला के चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें आईं, उसके चेहरे पर 10 से 12 टांके लगे हैं।
घटना के बाद महिला ने सुबह करीब साढ़े 3 बजे अपनी बहन को कई बार फोन कर पूरी वारदात बताई। बहन मौके पर पहुंची तो देखा कि महिला खून से लथपथ थी, कपड़े फटे हुए थे और वह बुरी तरह सदमे में थी।
पीड़िता को पहले सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे दिल्ली रेफर किया। इसके बाद परिजन उसे फरीदाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराकर इलाज करवा रहे हैं। फिलहाल महिला की हालत स्थिर बताई जा रही है, लेकिन वह मानसिक रूप से गहरे सदमे में है।
परिजनों के अनुसार, पीड़िता तीन बच्चों की मां है, पति से अलग होकर मां के साथ रहती है और एक निजी कंपनी में नौकरी करती है।
वहीं, पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह का कहना है कि अब तक लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। पीड़िता अस्पताल में भर्ती है। शिकायत मिलते ही FIR दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Akhil Mahajan