साइबर फ्रॉड की खौफनाक वारदात: AI के जरिए बहनों के साथ भाई के बनाए न्यूड फोटो , फिर पाकिस्तान के नंबर से ब्लैकमेल, युवक ने खाया जहर और ....
फरीदाबाद में 19 वर्षीय छात्र ने सेक्सटॉर्शन गैंग की धमकियों से तंग आकर सल्फास खाकर आत्महत्या कर ली। आरोपियों ने पाकिस्तान नंबर से धमकियां देकर एआई से बने फर्जी न्यूड वीडियो के जरिये ब्लैकमेल किया था। पुलिस ने साइबर ठगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
➤ फरीदाबाद में सेक्सटॉर्शन गैंग की धमकियों से परेशान 19 वर्षीय छात्र ने आत्महत्या की
➤ पाकिस्तान के नंबर से मिली धमकियां, एआई से बनाए न्यूड फोटो और वीडियो
➤ सल्फास खाकर दी जान, पुलिस ने साइबर ठगों के खिलाफ केस दर्ज किया
फरीदाबाद। साइबर अपराध का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां सेक्सटॉर्शन गैंग की धमकियों से तंग आकर 19 वर्षीय बी-कॉम छात्र राहुल ने आत्महत्या कर ली। मृतक ओल्ड फरीदाबाद की बसेलबा कॉलोनी का रहने वाला था और मूल रूप से बिहार के सिवान जिले से संबंध रखता था। राहुल अपने परिवार का इकलौता बेटा था और तीन बहनों में सबसे छोटा था।
पुलिस जांच में यह सामने आया है कि राहुल को कुछ दिनों से पाकिस्तान के ISD कोड वाले नंबरों से धमकियां मिल रही थीं। साइबर ठगों ने पहले उसका मोबाइल हैक किया और फिर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का इस्तेमाल करके राहुल और उसकी बहनों की नकली न्यूड फोटो व वीडियो तैयार कर लिए। इसके बाद ठगों ने उसे व्हाट्सएप पर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
राहुल के पिता मनोज भारती ने बताया कि आरोपियों ने इन फर्जी वीडियो और फोटो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी और 20 हजार रुपये की मांग की। पैसे न देने पर उन्हें बदनाम करने की बात कही। राहुल इस मानसिक दबाव को झेल नहीं सका और पिछले 15 दिनों से बेहद तनाव में रहने लगा था। वह न ठीक से खाना खा रहा था, न ही दोस्तों से बात कर रहा था।
शनिवार दोपहर राहुल ने अपने एक दोस्त को व्हाट्सएप मैसेज किया और पूछा कि गेहूं में कीड़े मारने वाली दवा कौन सी होती है। दोस्त ने उसे सल्फास की गोली की फोटो भेज दी। शाम होते-होते राहुल ने अपने कमरे में सल्फास खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर उसने परिवार को बताया। परिजनों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन देर रात इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि राहुल के मोबाइल से कई ऐसे व्हाट्सएप चैट और वीडियो मिले हैं जिनसे उसे ब्लैकमेल किया जा रहा था। साइबर सेल की मदद से आरोपियों की पहचान और लोकेशन ट्रेस करने का काम जारी है। उन्होंने कहा कि अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है।
इस घटना ने न केवल फरीदाबाद बल्कि पूरे राज्य में हड़कंप मचा दिया है। विशेषज्ञों का कहना है कि हाल के महीनों में सेक्सटॉर्शन और एआई-आधारित साइबर अपराध के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि वे किसी भी अज्ञात लिंक, वीडियो कॉल या ऑनलाइन संपर्क से सतर्क रहें और ब्लैकमेलिंग की स्थिति में तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करें।
Author1