फतेहाबाद लघु सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी, ढाई घंटे बाद कामकाज शुरू
फतेहाबाद लघु सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी वाली मेल से हड़कंप मच गया। हिसार से बम निरोधक टीम बुलाई गई। जांच के बाद मेल बोगस निकली।
फतेहाबाद लघु सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी वाली मेल
हिसार से बम निरोधक टीम बुलाकर ढाई घंटे चला सर्च ऑपरेशन
जांच में मेल बोगस निकली, वीपीएन से आउटलुक के जरिए भेजी गई
हरियाणा के फतेहाबाद लघु सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से प्रशासन में हड़कंप मच गया। यह धमकी डीसी की ऑफिशियल मेल आईडी पर भेजी गई, जिसके बाद एहतियातन पूरे लघु सचिवालय को सील कर दिया गया और कर्मचारियों को बाहर निकाल लिया गया।
प्रशासन की सूचना पर हिसार से बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा। पुलिस और बम निरोधक टीम ने लघु सचिवालय परिसर में चप्पे-चप्पे की गहन जांच की। सुरक्षा कारणों से पूरे क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया।
करीब ढाई घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद जब कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, तो लघु सचिवालय में दोबारा आवाजाही शुरू कर दी गई। इसके बाद कर्मचारियों और आमजन ने राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 8 बजे धमकी भरी मेल प्राप्त हुई थी। वर्तमान में फतेहाबाद के डीसी डॉ. विवेक भारती ट्रेनिंग पर हैं। ऐसे में एडीसी अनुराग ढालिया कार्यवाहक डीसी की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
एसपी सिद्धांत जैन ने बताया कि शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि मेल वीपीएन का इस्तेमाल कर आउटलुक से भेजी गई है। मेल की लोकेशन तमिलनाडु साइड की प्रतीत हो रही है। इससे पहले भी इसी तरह की बोगस मेल भेजी जा चुकी है।
पुलिस ने बताया कि धमकी भरी मेल हिंदी भाषा में थी, जिसमें लिखा गया था कि जुम्मे के दिन लघु सचिवालय को बम से उड़ाया जाएगा और यदि हमला नाकाम रहा तो आत्मघाती हमला किया जाएगा। हालांकि पुलिस ने साफ किया है कि पैनिक लेने की जरूरत नहीं है और पूरी जांच कर ली गई है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी 21 मई 2025 को फतेहाबाद लघु सचिवालय को इसी तरह की धमकी मिली थी। उस समय भी मेल तमिलनाडु से भेजी गई बताई गई थी। पुलिस अब इस मामले को साइबर एंगल से जांच रही है।
Akhil Mahajan