हरियाणा और दिल्ली पुलिस का ज्वाइंट आपरेशन: एनकाउंटर में दो वांटेंड बदमाशों को लगी गोली, एसआई समेत दो पुलिस वाले भी घायल
दिल्ली और हरियाणा पुलिस की मुठभेड़ में दो वांटेड बदमाश घायल, SI विकास भी घायल। मामला नजफगढ़ डबल मर्डर और गवाह हत्या से जुड़ा है।
➤ मुठभेड़ में दो वांटेड बदमाश घायल
➤ SI विकास और हेडकांस्टेबल नरपत भी घायल, हालत स्थिर
➤ नजफगढ़ डबल मर्डर और गवाह हत्या से जुड़ा मामला
हरियाणा के गुरुग्राम में शनिवार देर रात एक सनसनीखेज मुठभेड़ हुई। क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (CIA) सेक्टर 40, गुरुग्राम और दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने संयुक्त ऑपरेशन के दौरान दो वांटेड बदमाशों को पकड़ने के लिए कार्रवाई की। यह एनकाउंटर धनकोट नहर के पास सुबह लगभग 4:30 बजे हुआ।
पुलिस और बदमाशों के बीच कुल 13 राउंड फायरिंग हुई। बदमाशों के पैरों में गोली लगी और उन्हें गुरुग्राम सेक्टर-10 स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस दौरान दिल्ली पुलिस के सब-इंस्पेक्टर विकास के बाएं हाथ में गोली लगी, जबकि हेडकांस्टेबल नरपत की बुलेटप्रूफ जैकेट ने उनकी जान बचा ली।
मुठभेड़ में पुलिस ने दो पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, एक चोरी की बाइक और 13 खाली खोल बरामद किए। घायल बदमाशों की पहचान मोहित (29) निवासी गोयला खुर्द, छावला, दिल्ली और जतिन (21) निवासी द्वारका, दिल्ली के रूप में हुई है। दोनों बदमाश नीरज तेहलान की हत्या के सिलसिले में नजफगढ़ में वांटेड थे।
पुलिस के मुताबिक, 9 फरवरी 2024 को नजफगढ़ के एक सैलून में सोनू और आशीष की हत्या हुई थी। इस वारदात का मुख्य गवाह नीरज तेहलान था, जो टिल्लू गैंग से जुड़ा हुआ था। 3 जुलाई 2025 को नीरज को भी बाइक सवार बदमाशों ने गोलियों से छलनी कर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस के अनुसार, इस हत्या के पीछे जेल में बंद कुख्यात गैंगस्टर चिंटू उर्फ हर्ष धनकड़ और विदेश में बैठे गैंगस्टर संजू दहिया का हाथ होने की आशंका है।
पुलिस अधिकारीयों ने कहा कि मुठभेड़ के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अस्पताल में दोनों बदमाश और SI विकास की हालत स्थिर बताई जा रही है। एनकाउंटर ने इस पुराने डबल मर्डर केस में नया मोड़ ला दिया है और आगे की जांच जारी है।
Akhil Mahajan