आईटी इंजीनियर कपल केस: हत्या के बाद पौने घंटे शव के पास बैठा रहा अजय; गुस्सा शांत होने के बाद पछतावा और फिर दोस्त को वीडियो भेज किया सुसाइड
गुरुग्राम एमएनसी इंजीनियर कपल मर्डर-सुसाइड केस में खुलासा, पति अजय ने गुस्से में पत्नी स्वीटी की हत्या की, फिर पछतावे में वीडियो बनाकर खुद भी फांसी लगा ली।
➤ गुरुग्राम एमएनसी इंजीनियर कपल का मर्डर-सुसाइड मामला
➤ पत्नी की हत्या के बाद अजय ने बनाया वीडियो, फिर फांसी लगाई
➤ तीन साल की लव मैरिज का दुखद अंत
गुरुग्राम की हाई-प्रोफाइल सोसाइटी दी मिलेनिया सिटी सेक्टर-37 में रहने वाले आईटी इंजीनियर कपल अजय अग्रहरि (30) और उनकी पत्नी स्वीटी शर्मा (28) की मौत ने हर किसी को हैरान कर दिया है। यह केस अब महज़ घरेलू विवाद का मामला नहीं रहा, बल्कि रिश्तों की कड़वाहट और गुस्से से उपजे अपराध की दर्दनाक कहानी बन गया है।
जांच में सामने आया है कि घटना वाले दिन नोएडा से लौटने के बाद पति-पत्नी में विवाद हुआ। बात इतनी बढ़ गई कि झगड़ा हाथापाई तक पहुँच गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्वीटी के हाथ-पैर पर चोट और गले पर लिगेचर मार्क्स मिले हैं, जिससे साफ है कि अजय ने गुस्से में पत्नी का गला चुन्नी से दबाकर हत्या की। हत्या के बाद अजय करीब आधे घंटे तक शव के पास बदहवास बैठा रहा।
फिर जब गुस्सा शांत हुआ तो उसे अपने किए पर पछतावा हुआ। उसने अपने दोस्त को एक वीडियो मैसेज भेजा, जिसमें स्वीकार किया कि उसने स्वीटी को मार डाला है और अब खुद भी नहीं जिएगा। वीडियो में उसने रोते हुए परिवार से माफी मांगी और कहा कि उसका जीवन और सपने यहीं खत्म हो गए।
उसके बाद अजय ने उसी कमरे में पंखे से फांसी लगा ली। पुलिस जब सूचना पर पहुँची तो फ्लैट का दरवाज़ा अंदर से बंद था। दरवाजा तोड़कर जब टीम अंदर पहुँची तो स्वीटी का शव फर्श पर और अजय का शव फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला। पुलिस के मुताबिक स्वीटी की मौत को लगभग दो घंटे हो चुके थे जबकि अजय की मौत एक से डेढ़ घंटे पहले ही हुई थी।
मनोवैज्ञानिकों का कहना है कि यह गुस्से और पछतावे का क्लासिक केस है। गुस्से में व्यक्ति हत्या जैसा कदम उठा लेता है, लेकिन जब गुस्सा शांत होता है तो पछतावे में खुदकुशी कर लेता है। यही सिलसिला इस इंजीनियर कपल के साथ भी हुआ।
अजय और स्वीटी की लव स्टोरी भी अब दर्दनाक याद बनकर रह गई। दोनों की मुलाकात 2020 में कैपजेमिनी कंपनी में हुई थी। दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदली और फरवरी 2023 में शादी कर ली। लेकिन तीन साल का रिश्ता विवाद और शक-संघर्ष की भेंट चढ़ गया।
अजय का अंतिम संस्कार प्रयागराज में किया गया, जबकि स्वीटी की अस्थियाँ उनके पैतृक गाँव ले जाई गईं।
Akhil Mahajan