हरियाणा में तीन नगर निगम चुनाव की तैयारी तेज,22 जनवरी को रोटेशन-ड्रा ऑफ लॉट की तैयारी- अंबाला, सोनीपत और पंचकूला का कार्यकाल समाप्त
हरियाणा में अंबाला, सोनीपत और पंचकूला नगर निगम चुनाव की तैयारी तेज। 22 जनवरी को रोटेशन-ड्रा ऑफ लॉट, फरवरी में चुनाव होने की संभावना।
- अंबाला, सोनीपत और पंचकूला नगर निगम का कार्यकाल समाप्ति के करीब
- 22 जनवरी को रोटेशन और ड्रा ऑफ लॉट जारी होने की तैयारी
- फरवरी में नगर निगम और निकाय चुनाव कराने की संभावना तेज
हरियाणा में अंबाला, सोनीपत और पंचकूला नगर निगम चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसकी सबसे बड़ी वजह इन तीनों नगर निगमों का कार्यकाल पूरा होना है। पंचकूला नगर निगम का कार्यकाल 4 जनवरी, सोनीपत का 12 जनवरी और अंबाला नगर निगम का कार्यकाल 13 जनवरी को समाप्त हो रहा है।
कार्यकाल खत्म होने को देखते हुए शहरी एवं स्थानीय निकाय विभाग ने चुनावी प्रक्रिया को लेकर तैयारी शुरू कर दी है। विभाग की ओर से जल्द ही राज्य चुनाव आयोग (SEC) को औपचारिक जानकारी भेजी जाएगी। इसके साथ ही शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल चुनावी तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ रिव्यू मीटिंग करने वाले हैं।
विभागीय सूत्रों के अनुसार, वार्डबंदी का काम पूरा कर लिया गया है और 22 जनवरी को रोटेशन व ड्रा ऑफ लॉट जारी किए जाने की तैयारी है। सोनीपत, अंबाला और पंचकूला में वार्ड आरक्षण की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है। कुछ स्थानों पर विवाद की स्थिति जरूर बनी हुई है, लेकिन अधिकारियों का दावा है कि समय रहते सभी आपत्तियों का समाधान कर लिया जाएगा।
सरकारी सूत्रों की मानें तो फरवरी महीने में ही नगर निगम चुनाव कराए जा सकते हैं। इसकी वजह यह है कि मार्च में स्कूलों की परीक्षाएं शुरू हो जाती हैं, ऐसे में सरकार चुनाव उससे पहले कराना चाहती है। फिलहाल तीनों नगर निगमों में भाजपा के मेयर हैं। भाजपा जहां अपनी सीटें बचाने की रणनीति पर काम कर रही है, वहीं कांग्रेस भी सिंबल पर प्रत्याशी उतारकर मुकाबला मजबूत करने की तैयारी में है।
नगर निकाय चुनाव को लेकर भाजपा पहले से सक्रिय नजर आ रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी खुद इन चुनावों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं और पार्टी संगठन के साथ रणनीति तैयार कर चुके हैं। भाजपा किसी भी सूरत में अंबाला, सोनीपत और पंचकूला में मेयर की सीट गंवाना नहीं चाहती।
दूसरी ओर कांग्रेस ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं। कांग्रेस ने तीनों नगर निगम चुनावों के लिए विशेष कमेटी का गठन कर दिया है। इसके अलावा रेवाड़ी नगर परिषद, धारूहेड़ा, सांपला और उकलाना में भी वार्ड आरक्षण की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।
नगर निगमों की स्थिति पर नजर डालें तो अंबाला नगर निगम की कुल आबादी 2,71,068 है और यहां 20 वार्ड हैं। पंचकूला नगर निगम की आबादी 2,91,224 है और यहां भी 20 वार्ड हैं। सोनीपत नगर निगम में 22 वार्ड हैं और कुल आबादी 4,05,275 है।
रेवाड़ी नगर परिषद में 32 वार्ड हैं और यहां की आबादी 1,62,781 है। धारूहेड़ा नगर पालिका में 18 वार्ड और 32,888 आबादी है। सांपला नगर पालिका में 18 वार्ड और 25,153 की आबादी है, जबकि उकलाना नगर पालिका में 18 वार्ड और 21,381 आबादी दर्ज है।
शहरी स्थानीय निकाय विभाग के डायरेक्टर अशोक मीणा ने बताया कि विभाग की ओर से सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जल्द ही यह रिपोर्ट राज्य चुनाव आयोग को भेजी जाएगी, जिसके बाद चुनाव की घोषणा करना आयोग का निर्णय होगा।
Akhil Mahajan