हरियाणा में स्पोर्ट्स सेफ्टी पॉलिसी: अब हर मैच से पहले मैदान निरीक्षण अनिवार्य

पंचकूला में एचओए बैठक में खिलाड़ियों की सुरक्षा के लिए बड़े निर्णय। मैदान निरीक्षण अनिवार्य, स्टेडियम सुरक्षा ऑडिट और 15 दिनों में स्पोर्ट्स सेफ्टी पॉलिसी लागू होगी।

हरियाणा में स्पोर्ट्स सेफ्टी पॉलिसी: अब हर मैच से पहले मैदान निरीक्षण अनिवार्य


• खिलाड़ियों की सुरक्षा के लिए हर टूर्नामेंट से 3 दिन पहले मैदान निरीक्षण अनिवार्य
• 15 दिनों में तैयार होगी हरियाणा की पहली स्पोर्ट्स सेफ्टी पॉलिसी
• एचओए एक स्टेडियम गोद लेकर आधुनिक सुविधाओं से विकसित करेगा



हरियाणा ओलिंपिक संघ (HOA) की महत्वपूर्ण बैठक पंचकूला में हुई। इस बैठक में खिलाड़ियों की सुरक्षा और खेल सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई बड़े निर्णय लिए गए। बैठक की अध्यक्षता कैप्टन जसविंदर सिंह ‘मीनू बेनीवाल’ ने की।

एचओए ने फैसला लिया कि अब हर टूर्नामेंट से कम से कम 3 दिन पहले मैदान का निरीक्षण अनिवार्य होगा। निरीक्षण नहीं करने पर इसे सीधी अनुशासनहीनता माना जाएगा और ऐसे मामलों पर एचओए की अनुशासन समिति कार्रवाई करेगी।

बैठक में निर्णय लिया गया कि पूरे हरियाणा के स्टेडियम और खेल मैदानों का सिक्योरिटी ऑडिट कराया जाएगा। साथ ही, खिलाड़ियों की मौत के मामलों की निष्पक्ष जांच के लिए एसआईटी गठन की सिफारिश की गई।

एचओए ने कहा कि अगले 15 दिनों में राज्य की पहली ‘स्पोर्ट्स सेफ्टी पॉलिसी’ तैयार की जाएगी। किसी भी आयोजन से पहले सुरक्षा स्वीकृति, तकनीकी जांच, संरचनात्मक मजबूती और आपातकालीन व्यवस्था की रिपोर्ट अनिवार्य होगी।

पहली बार पोस्ट गेम्स रिपोर्ट भी तैयार की जाएगी, जिसमें 27वें हरियाणा राज्य खेलों की उपलब्धियां, कमियां और सुधार बिंदुओं का विस्तृत उल्लेख होगा। एचओए इन खेलों पर एक कॉफी टेबल बुक भी प्रकाशित करेगा।

एचओए ने घोषणा की कि वह हिसार के महावीर स्टेडियम या भिवानी के भीम स्टेडियम में से किसी एक को गोद लेकर आधुनिक और सुरक्षित मॉडल स्टेडियम के रूप में विकसित करेगा। यह हरियाणा में पहली बार होगा जब कोई स्टेडियम पूरी तरह प्रोफेशनल खेल संस्था द्वारा संचालित होगा।

एचओए ने निर्णय लिया कि आउटडोर कॉम्प्लेक्स में स्थाई शेड और बैठने की पक्की व्यवस्था की जाएगी जिससे बार-बार टेंट खर्च खत्म होगा। वहीं, स्पोर्ट्स साइंस एवं ऑपरेशन इंटर्नशिप प्रोग्राम शुरू किया जाएगा और नई नियुक्तियां की जाएंगी।