क्‍या अब मौसम रहेगा साफ , जानें बड़ा अपडेट, सीएम सैनी का ऐलान मृतकों के परिवार को 4 लाख और किसानों को मुआवजा

हरियाणा में 12 सितंबर तक मानसून की सक्रियता सामान्य से कम रहेगी। कुछ जिलों में हल्की बारिश होगी जबकि अन्य में मौसम साफ रहेगा। सीएम ने मृतकों के परिवारों और किसानों के लिए मुआवजे की घोषणा की है।

क्‍या अब मौसम रहेगा साफ , जानें बड़ा अपडेट,  सीएम सैनी का ऐलान मृतकों के परिवार को 4 लाख और किसानों को मुआवजा

हरियाणा में 12 सितंबर तक मानसून की सक्रियता कम रहने का अनुमान
छह जिलों पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल और करनाल में हल्की बारिश की संभावना
सरकार ने मृतकों के परिवार को 4 लाख और किसानों को प्रति एकड़ 15 हजार तक मुआवजे का ऐलान


हरियाणा में अगले कुछ दिनों के दौरान मानसून की सक्रियता सामान्य से कम रहने वाली है। 9 सितंबर को प्रदेश के छह जिलों पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल और करनाल में हल्की बारिश की संभावना है, जबकि शेष 16 जिलों में मौसम साफ रहने के आसार हैं। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार यह स्थिति 12 सितंबर तक बनी रहेगी।

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन लाल खीचड़ ने बताया कि मानसून ट्रफ उत्तर से नीचे खिसककर कच्छ, कोटा, औरैया, सिद्धि, रांची, दीघा से होते हुए उत्तर पूर्व बंगाल की खाड़ी तक बना है। इसी कारण प्रदेश में मानसून की सक्रियता कम होगी।

इसी बीच मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भारी बारिश और बाढ़ से प्रभावित लोगों के लिए बड़ी राहत की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि मकान गिरने से मरने वाले 13 लोगों के परिवारों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। वहीं घायलों को 2 लाख रुपये मिलेंगे। किसानों के लिए भी राहत पैकेज घोषित किया गया है। जिन खेतों में पानी भरने से फसल खराब हो गई है, वहां प्रति एकड़ 15 हजार रुपये तक मुआवजा मिलेगा। सरकार ने इसके लिए जिलों को 3 करोड़ 26 लाख रुपये जारी किए हैं।

प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, जींद, रोहतक, झज्जर और दक्षिणी जिलों महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, नूंह, फरीदाबाद, पलवल में आंशिक बादलवाही और कहीं-कहीं बूंदाबांदी की संभावना है। वहीं उत्तरी जिलों अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर, करनाल, कुरुक्षेत्र, कैथल, पानीपत, सोनीपत में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और कुछ जगह मध्यम बारिश की भी संभावना जताई गई है।

बारिश के आंकड़े भी चौंकाने वाले हैं। 8 सितंबर तक जहां औसतन 381.7 एमएम बारिश होनी चाहिए थी, वहीं प्रदेश में अब तक 563.3 एमएम बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से 48 प्रतिशत ज्यादा है। सबसे अधिक बारिश यमुनानगर (1076.4 एमएम) में और सबसे कम बारिश सिरसा (346.2 एमएम) में दर्ज की गई है।

अगले तीन दिनों का अनुमान इस प्रकार है –

  • 10 सितंबर : पंचकूला और यमुनानगर में अधिकतर इलाकों में हल्की बारिश, अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत और कैथल में कहीं-कहीं बारिश। बाकी जिलों में मौसम साफ।

  • 11 सितंबर : स्थिति 10 सितंबर जैसी ही, केवल छिटपुट बारिश उत्तरी जिलों में।

  • 12 सितंबर : पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में बारिश के आसार, जबकि कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, जींद, पानीपत और सोनीपत में कहीं-कहीं हल्की बारिश होगी। अन्य जिलों में मौसम साफ रहेगा।