अमेरिका ने हरियाणा के 50 युवकों को डिपोर्ट किया, कैथल के 14 शामिल
अमेरिका ने हरियाणा के 50 युवकों को डिपोर्ट किया है, जिनमें कैथल जिले के 14 युवक शामिल हैं। ये सभी डंकी रूट से अमेरिका पहुंचे थे। कई महीनों तक जेल में रहने के बाद इन्हें बेड़ियों में बांधकर दिल्ली एयरपोर्ट लाया गया। पुलिस पूछताछ में जुटी है।
➤ अमेरिका से हरियाणा के 50 युवक डिपोर्ट
➤ डंकी रूट से गए थे, कई जेल में भी रहे
➤ कैथल जिले के सबसे ज्यादा 14 युवक लौटे
हरियाणा के युवाओं का अवैध रूप से अमेरिका पहुंचने का सपना अब उनके लिए परेशानी का सबब बन गया है। ट्रंप सरकार ने कड़ा रुख अपनाते हुए एक और खेप भारतीय युवाओं को वापस भेज दिया है। इस बार 50 हरियाणवी युवक अमेरिका से डिपोर्ट किए गए हैं। सभी को बेड़ियों में बांधकर विशेष विमान से दिल्ली एयरपोर्ट उतारा गया। इनमें से कैथल जिले के सबसे अधिक 14 युवक शामिल हैं। पुलिस ने इन सभी को कैथल पुलिस लाइन में ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सभी युवकों की आयु 25 से 40 वर्ष के बीच है। कोई अपनी जमीन बेचकर, तो कोई कर्जा लेकर इस खतरनाक सफर पर निकला था। कुछ युवक पनामा के जंगलों और मेक्सिको बॉर्डर पार करते समय पकड़े गए और कई महीनों तक जेल में रहे।
डीएसपी ललित यादव के मुताबिक, सभी युवाओं की क्राइम हिस्ट्री की जांच की जा रही है। अब तक अधिकांश युवकों के खिलाफ कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है। हालांकि, गांव तारागढ़ के नरेश कुमार पर चेक बाउंस और शराब तस्करी के दो मामले दर्ज हैं। अब उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।
एक युवक ने बताया कि वह करीब डेढ़ एकड़ जमीन बेचकर दो साल पहले निकला था। उसने डंकी रूट से पनामा जंगलों से होते हुए अमेरिका में घुसने की कोशिश की थी, लेकिन जांच के दौरान फर्जी दस्तावेज मिलने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया और अब डिपोर्ट कर दिया गया।
सूत्रों का कहना है कि 3 नवंबर को एक और फ्लाइट भारत पहुंचने की संभावना है, जिसमें हरियाणा के और युवकों को डिपोर्ट किया जा सकता है। पुलिस फिलहाल किसी ट्रैवल एजेंट के खिलाफ शिकायत का इंतजार कर रही है।
Author1