हाईकोर्ट से खेल राज्यमंत्री गौरव गौतम को झटका, अपील डिसमिस, धर्म के नाम पर वोट मांगनें के हैं आरोप
हाईकोर्ट ने खेल मंत्री गौरव गौतम की रूल 7-11 अपील खारिज की। धर्म के नाम पर वोट मांगने के आरोपों वाले केस में 4 दिसंबर को इश्यू फ्रेम होगा। करण दलाल ने फैसले का स्वागत किया।
-
पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने खेल मंत्री गौरव गौतम की 7-11 अपील डिसमिस की
-
धर्म के नाम पर वोट मांगने के आरोप वाले मामले में 4 दिसंबर को इश्यू फ्रेम होगा
-
करण दलाल बोले—यह मेरी नहीं, जनता की जीत
पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने हरियाणा सरकार में खेल मंत्री गौरव गौतम को बड़ा झटका देते हुए उनकी CPC रूल 7 रूल 11 के तहत दायर अपील को डिसमिस कर दिया है। कोर्ट ने अब 4 दिसंबर 2025 को इश्यू फ्रेम करने के लिए अगली तारीख तय की है। यह केस पिछले एक साल से हाईकोर्ट में लंबित है। आरोप है कि विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान गौतम ने धर्म के नाम पर वोट मांगे और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित करके वोट हासिल करने की कोशिश की।
यह याचिका कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री करण सिंह दलाल ने अक्तूबर 2024 में हरियाणा विधानसभा चुनाव के बाद दायर की थी। दलाल ने आरोप लगाया था कि प्रचार के दौरान जनभावनाओं को धार्मिक रूप से प्रभावित करने का प्रयास किया गया, जो भ्रष्ट आचरण की श्रेणी में आता है।
मामले में हाईकोर्ट ने 14 दिसंबर 2024 को मंत्री गौतम को नोटिस जारी करते हुए 6 जनवरी 2025 तक जवाब दाखिल करने का आदेश दिया था, लेकिन मंत्री की ओर से समय पर जवाब दाखिल नहीं किया गया। इस पर याचिकाकर्ता की ओर से वकील मोहन जैन ने कहा कि हाईकोर्ट के नियम 20(C) के अनुसार बचाव बंद होना चाहिए।
अंतिम अवसर मिलने पर 28 मार्च 2025 को मंत्री गौतम की ओर से वकील विजय कुमार जिंदल ने लिखित जवाब दाखिल किया। उन्होंने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि ऐसा कोई वीडियो या सबूत उपलब्ध नहीं है जो साबित करे कि चुनाव में धर्म का उपयोग किया गया।
मंत्री गौतम की कानूनी टीम ने केस खारिज करने का आग्रह किया था और यह कहा था कि याचिका 7-11 नियम के तहत खारिज होनी चाहिए। कोर्ट ने बहस सुनने के बाद 12 नवंबर को आदेश सुरक्षित रख लिया था और शुक्रवार को फैसला सुनाते हुए अपील को डिसमिस कर दिया। अब केस मेरिट के आधार पर सुना जाएगा।
फैसले के बाद करण दलाल ने कहा—“यह मेरी जीत नहीं, पलवल और पूरे हरियाणा की जनता की जीत है।” उन्होंने कहा कि अब उम्मीद है कि केस जल्द निष्कर्ष पर पहुंचेगा और धर्म के नाम पर राजनीति करने वालों को सबक मिलेगा।
ध्यान दें कि यह वीडियो सितंबर 2024 के चुनाव प्रचार से जुड़े बताए गए हैं। इस चुनाव में गौरव गौतम ने दलाल को 33 हजार वोटों से हराया था।
Author1