जयदीप राठी हत्याकांड: शव जलाकर नरवाना नहर में फेंका, एनडीआरएफ के साथ नरवाना ब्रांच नहर में दिनभर सर्च ऑपरेशन

जयदीप राठी हत्या मामले में नया खुलासा हुआ है। आरोपियों ने शव जलाकर नरवाना ब्रांच नहर में फेंका। एनडीआरएफ और एफएसएल की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया गया।

जयदीप राठी हत्याकांड: शव जलाकर नरवाना नहर में फेंका,  एनडीआरएफ के साथ नरवाना ब्रांच नहर में दिनभर सर्च ऑपरेशन

• जयदीप राठी हत्याकांड में बड़ा खुलासा, हत्या के बाद शव जलाकर नरवाना ब्रांच नहर में फेंकने का आरोप
एनडीआरएफ, एफएसएल के साथ दिनभर नहर में सर्च ऑपरेशन, घटनास्थल की कराई गई निशानदेही
मुठभेड़ में घायल आरोपी गुरदर्शन गिरफ्तार, अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया



पानीपत। इनेलो जिलाध्यक्ष कुलदीप राठी के भाई, नेत्र रोग सहायक अधिकारी जयदीप राठी की हत्या के मामले में जांच के दौरान एक और सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने हत्या के बाद शव को जलाया और फिर कुरुक्षेत्र जिले की नरवाना ब्रांच नहर में फेंक दिया।

पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के नेतृत्व में सीआईए वन और सीआईए टू की संयुक्त टीम आरोपी जसंवत उर्फ जस्सी से पुलिस रिमांड के दौरान गहन पूछताछ कर रही है। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी से घटनास्थल की निशानदेही कराई। मौके पर एफएसएल टीम को बुलाकर क्राइम सीन का निरीक्षण कराया गया और अहम साक्ष्य तलाशे गए

पुलिस ने नरवाना ब्रांच नहर में शव के अवशेष मिलने की संभावना को देखते हुए एनडीआरएफ की टीम के सहयोग से दिनभर सर्च ऑपरेशन चलाया। नहर और उसके आसपास के क्षेत्र को खंगाला गया। पुलिस का कहना है कि साक्ष्य जुटाने के लिए हर स्तर पर प्रयास जारी हैं।

इधर, मामले में एक अन्य आरोपी गुरदर्शन, जो हाल ही में मुठभेड़ में घायल हुआ था, उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। अदालत के आदेश पर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

एसपी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि 27 दिसंबर को जीटी रोड बाबरपुर स्थित 2600 वर्ग गज की प्रॉपर्टी विवाद के चलते जयदीप राठी को रास्ते से हटाने की साजिश रची गई थी। आरोपियों ने पहले अपहरण किया और फिर हत्या कर दी। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी जसवंत उर्फ जस्सी ने विवाद में समझौता कराने के बहाने जयदीप राठी को पंजाब के जीरकपुर बुलाया था।

जब जयदीप राठी जीरकपुर पहुंचे, तो आरोपी जस्सी उन्हें अपनी कार में बैठाकर ले गया। उस समय उसके साथ गुरदर्शन और जलजीत सिंह भी मौजूद थे। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ते हुए हत्या की साजिश और सबूतों को मजबूत करने में जुटी है।


जयदीप राठी हत्याकांड में आरोपी जसंवत उर्फ जस्सी से पुलिस रिमांड के दौरान गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के नेतृत्व में सीआईए वन और सीआईए टू की संयुक्त टीम मामले से जुड़े हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।

सोमवार को आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर 8 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया था। रिमांड के दौरान पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए उसने कुरुक्षेत्र जिले के इस्माइलाबाद थाना क्षेत्र में स्थित नरवाना ब्रांच नहर में शव फेंका था।

मंगलवार को सीआईए वन प्रभारी इंस्पेक्टर फूल कुमार और सीआईए टू प्रभारी इंस्पेक्टर सुमित सरोहा की संयुक्त टीम आरोपी को नरवाना ब्रांच नहर पर लेकर पहुंची। मौके पर एफएसएल टीम भी मौजूद रही। पुलिस ने एनडीआरएफ के सहयोग से नहर में सर्चिंग अभियान चलाया।

पुलिस का कहना है कि रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से गहन पूछताछ जारी है और मामले से जुड़े अहम साक्ष्य जुटाने के सभी प्रयास किए जा रहे हैं। जांच को हर स्तर पर मजबूत करने के लिए तकनीकी और फोरेंसिक सहायता ली जा रही है।