मंत्री विज का बड़ा एक्शन: नाबालिग सुसाइड केस में ASI सस्पेंड
कैथल में नाबालिग लड़की की सुसाइड केस में कार्रवाई न करने पर मंत्री अनिल विज ने ASI को सस्पेंड किया। विज ने पुलिस को चेताया कि अपना व्यवहार तुरंत सुधारें।
➤मंत्री अनिल विज ने कैथल में ASI को सस्पेंड किया
➤छेड़छाड़ से परेशान नाबालिग लड़की के सुसाइड केस में कार्रवाई में लापरवाही का आरोप
➤विज बोले- पुलिस अपना व्यवहार सुधार ले, नहीं तो मुझे भी सुधारना आता है
हरियाणा के कैथल में शुक्रवार को जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक के दौरान एक गंभीर मामला सामने आया। बैठक की अध्यक्षता ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज कर रहे थे। इस दौरान एक नाबालिग लड़की द्वारा आत्महत्या के मामले में पुलिस द्वारा कार्रवाई न करने की शिकायत रखी गई। शिकायत सुनते ही मंत्री अनिल विज गुस्से में आ गए और मामले के जांच अधिकारी ASI संजय को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड करने के आदेश दे दिए।
बैठक RKSD कॉलेज सभागार में आयोजित की गई। मंत्री विज ने सभी नई और पुरानी शिकायतों को सुना और अधिकतर का मौके पर ही निपटारा करवाया। जब पूंडरी थाना क्षेत्र के एक गांव के परिजनों ने बताया कि अगस्त माह में उनकी नाबालिग बेटी ने छेड़छाड़, धमकी और लगातार परेशान किए जाने के कारण आत्महत्या कर ली थी, लेकिन पुलिस ने चार आरोपियों पर कार्रवाई नहीं की, तो मंत्री विज ने कड़ा रुख अपनाया।
शिकायतकर्ता पिता ने बताया कि अगस्त से ही मामले की शिकायत पुलिस को दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। परिजनों का कहना था कि लड़की को लगातार परेशान किया जा रहा था। धमकाया जाता था, जिससे मानसिक रूप से टूटकर उसने आत्महत्या जैसा कदम उठा लिया।
मंत्री विज ने पुलिस अधिकारी को फटकार लगाते हुए कहा कि पुलिस अपना व्यवहार सुधार ले। यदि पुलिस खुद सुधार नहीं लाई तो वह खुद उन्हें सुधारना जानते हैं। इसके बाद मंत्री ने पुलिस और प्रशासन की संयुक्त कमेटी बनाने के आदेश दिए, जो DSP स्तर के अधिकारी की अध्यक्षता में पूरे मामले की जांच करेगी।
जनसुनवाई के दौरान करीब 17 मामलों की सुनवाई हुई, जिनमें से 10 पुरानी और 7 नई शिकायतें थीं। इस दौरान एक महिला ने भी आरोप लगाया कि पुलिस उनके पांच साल पुराने हत्या के मामले को गंभीरता से नहीं ले रही। इस पर मंत्री विज ने कड़े शब्दों में अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि हर शिकायतकर्ता को न्याय मिलना चाहिए।
Author1