नीले सूटकेस से मिला युवती का शव, किसने की बेरहमी से हत्या?

कैथल में नाले से नीले सूटकेस में युवती का शव बरामद हुआ। गला घोंटकर हत्या की आशंका। शव कई दिन पुराना, पुलिस पहचान और जांच में जुटी।

नीले सूटकेस से मिला युवती का शव,  किसने की बेरहमी से हत्या?

नीले सूटकेस में युवती का शव मिला, नाले से बाहर खींचते दिखे कुत्ते
कैथल के शीला खेड़ा गांव के पास ड्रेन से बरामद हुई करीब 25 साल की युवती की लाश
गला घोंटकर हत्या की आशंका, शव कई दिन पुराना, पहचान में जुटी पुलिस



हरियाणा के कैथल जिले में मंगलवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब गांव शीला खेड़ा के पास एक नाले से नीले रंग के सूटकेस में बंद युवती का शव बरामद हुआ। सूटकेस को कुत्ते नाले से खींचते हुए नजर आए, जिससे आसपास मौजूद किसानों को शक हुआ और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और शव को नाले से बाहर निकलवाया गया। पुलिस के अनुसार मृतका की उम्र करीब 25 वर्ष आंकी जा रही है। शव कई दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। लंबे समय तक पानी में रहने के कारण शरीर फूल चुका था और कुछ अंग गल चुके थे

पुलिस की शुरुआती जांच में मृतका के गले पर निशान पाए गए हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि युवती की गला घोंटकर हत्या की गई और उसके बाद शव को सूटकेस में बंद कर ड्रेन में फेंका गया। फिलहाल मौत के सटीक कारणों की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।

घटनास्थल से एक अन्य बैग भी बरामद किया गया है, जिसमें गले-फटे कागजात मिले हैं। फोरेंसिक टीम ने मौके से मिले सभी सामान को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि यह सामग्री हत्या की गुत्थी सुलझाने में अहम सुराग साबित हो सकती है।

किसानों ने पुलिस को बताया कि जब वे अपने डेरों से शहर की ओर जा रहे थे, तब उन्हें सूटकेस से तेज बदबू महसूस हुई। पास जाकर देखा तो कुत्ते सूटकेस को नोच रहे थे। सूटकेस खोलने पर उसमें युवती का शव मिला, जिसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को बुलाया।

सिटी थाना SHO गीता ने बताया कि मृतका के हाथ पर टैटू बना हुआ है, जिसकी मदद से उसकी पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। सूटकेस से युवती के शव के साथ दो अन्य कपड़े भी मिले हैं। प्रारंभिक जांच में यह शव किसी प्रवासी युवती का होने की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस ने शव को सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पहचान होने तक शव सुरक्षित रखा जाएगा। पहचान न होने की स्थिति में नियमानुसार अंतिम संस्कार किया जाएगा। मामले की सूचना आसपास के सभी थानों को भी दे दी गई है और हर पहलू से जांच जारी है।