STF को कामयाबी: लॉरेंस गैंग के 4 मोस्टवांटेड शूटर्स गिरफ्तार
कुरुक्षेत्र में STF अंबाला ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के चार शूटर्स को हथियारों सहित गिरफ्तार किया। टोल प्लाजा फायरिंग और झारखंड में वारदात की साजिश का खुलासा।
- STF अंबाला ने लॉरेंस गैंग के 4 शूटर्स को कुरुक्षेत्र जीटी रोड से दबोचा
- वारदात से पहले गिरफ्तारी, 3 देसी पिस्टल और 7 कारतूस बरामद
- टोल प्लाजा फायरिंग और झारखंड में बड़ी वारदात की साजिश का खुलासा
हरियाणा के कुरुक्षेत्र में STF अंबाला की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लॉरेंस बिश्नोई गैंग के चार मोस्टवांटेड शूटर्स को गिरफ्तार किया है। टीम ने जीटी रोड पर उमरी गांव के पास नाकाबंदी के दौरान आरोपियों को दबोचा। पुलिस के अनुसार ये सभी आरोपी किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।
STF को गुप्त सूचना मिली थी कि लॉरेंस गैंग से जुड़े शूटर्स इलाके में घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर टीम ने संदिग्ध युवकों को रोका और तलाशी ली। इस दौरान उनके कब्जे से 3 देसी पिस्टल और 7 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गगन निवासी भालखी, नरेश कुमार निवासी राता मोहल्ला जिला महेंद्रगढ़, साहिल निवासी दुंधरेहड़ी जिला कैथल और जयंत कुमार निवासी भगवाड़ी कलां जिला कोटपूतली राजस्थान के रूप में हुई है।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी कुरुक्षेत्र और रेवाड़ी-नारनौल हाईवे के टोल प्लाजा पर फायरिंग कर फिरौती वसूली की योजना बना रहे थे। इसके साथ ही झारखंड के रांची में भी किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की साजिश रची जा रही थी।
STF अधिकारियों के मुताबिक सभी आरोपी लॉरेंस बिश्नोई गैंग के एक्टिव शूटर्स हैं। गगन राकेश हत्याकांड का मुख्य आरोपी रह चुका है और जमानत पर बाहर था। जयंत भी गैंग का पुराना शूटर है और कई संगीन मामलों में नामजद रहा है। नरेश और साहिल हाल ही में गैंग से जुड़े थे।
कोर्ट के आदेश पर चारों आरोपियों को 10 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। STF आरोपियों से नेटवर्क, हथियारों की सप्लाई और अन्य गैंग सदस्यों को लेकर गहन पूछताछ कर रही है।
Author1