मगन सुहाग केस: पुलिस पर सवाल! दिव्या कोर्ट में थी, फिर भी चार्जशीट जमा क्यों नहीं? अब अगल तारिख...
रोहतक के चर्चित मगन सुहाग सुसाइड केस में आरोपी पत्नी दिव्या की पेशी हुई। जांच अधिकारी ने दीपक की चार्जशीट दाखिल करने के लिए कोर्ट से समय मांगा। अगली सुनवाई 20 नवंबर को होगी।
➤दिव्या को हाईकोर्ट से 17 अक्टूबर को मिली थी जमानत
➤ASI संजय कुमार ने चार्जशीट दाखिल करने को मांगा समय
➤20 नवंबर को होगी अगली सुनवाई
चर्चित मगन सुहाग सुसाइड केस में आज गुरुवार को एक बार फिर एडिशनल सेशन कोर्ट में सुनवाई हुई। इस दौरान मृतक की पत्नी और मुख्य आरोपी दिव्या को कोर्ट में पेश किया गया। दिव्या को 17 अक्टूबर को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट से जमानत मिल चुकी है। वह करीब 3 महीने 5 दिन सुनारियां जेल में रही थी और यह उसकी जेल से बाहर आने के बाद पहली पेशी थी।
इससे पहले उसकी पेशी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से होती रही थी। आज दिव्या को अदालत में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होना पड़ा।
जांच अधिकारी ASI संजय कुमार ने कोर्ट में बताया कि आरोपी दीपक की चार्जशीट अभी तैयार की जा रही है। उन्होंने कोर्ट से थोड़ा और समय मांगा है ताकि चालान को विधिवत रूप से तैयार कर पेश किया जा सके। अदालत ने अगली तारीख 20 नवंबर तय की है।
मगन सुहाग रोहतक के गांव डोभ निवासी था। 18 जून को उसने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट करने के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। वीडियो में उसने अपनी मौत के लिए पत्नी दिव्या और महाराष्ट्र पुलिस के सिपाही दीपक को जिम्मेदार ठहराया था।
वीडियो में मगन ने कहा था कि उसकी पत्नी का दीपक के साथ अवैध संबंध है और इसी वजह से वह मानसिक रूप से टूट चुका है। इसके कुछ ही घंटों बाद मगन ने जान दे दी।
घटना के बाद पुलिस ने दिव्या को गोवा से गिरफ्तार किया था, जबकि दीपक को हाईकोर्ट से अंतरिम राहत मिलने के कारण गिरफ्तार नहीं किया जा सका। दीपक अब तक दो बार जांच में शामिल हो चुका है।
मगन की आत्महत्या से पहले वायरल हुआ दिव्या का एक वीडियो क्लिप इस केस का अहम सबूत माना जा रहा है। परिवार के अनुसार, मगन ने यह वीडियो देखने के बाद ही आत्महत्या का कदम उठाया था।
आरोपी दीपक को 4 सितंबर को हाईकोर्ट से जमानत मिली थी। अदालत ने उसकी गिरफ्तारी पर रोक लगाई थी। जांच के दौरान दीपक ने पुलिस को दिए अपने बयान में कहा कि दिव्या एक बार डांसर थी और वह उसे पैसे दिया करता था।
मगन सुहाग के परिवारजन लगातार न्याय की मांग कर रहे हैं। वे गुरुवार को भी एडवोकेट अशोक कादयान से मिले और केस की प्रगति पर चर्चा की। परिवार का कहना है कि दिव्या और दीपक दोनों को सजा मिलनी चाहिए ताकि मगन को न्याय मिल सके।
Author1