केंद्रीय मंत्री खट्टर ने अपनी भाभी को बेची 1 करोड़ की जमीन, पैसा PM राहत कोष में देंगे

Haryana, Rohtak, politics, Manohar Lal Khattar, PM Relief Fund, donation, social welfare

केंद्रीय मंत्री खट्टर ने अपनी भाभी को बेची 1 करोड़ की जमीन, पैसा PM राहत कोष में देंगे

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने रोहतक में जमीन बेची
एक करोड़ रुपये में सौदा, राशि PM राहत कोष में देंगे
भाई की पत्नी के नाम की गई रजिस्ट्री, तहसील में कड़ा पहरा



केंद्रीय ऊर्जा मंत्री और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने सामाजिक सरोकार की एक मिसाल पेश की है। उन्होंने अपनी पैतृक जमीन बेचकर उससे मिले एक करोड़ रुपये प्रधानमंत्री राहत कोष में जमा कराने का निर्णय लिया है। यह जमीन उन्होंने अपने छोटे भाई की पत्नी के नाम रजिस्ट्री करवाई है।

रोहतक तहसील में रजिस्ट्री कराने पहुंचे केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर।

खट्टर गुरुवार दोपहर करीब 11 बजे रोहतक तहसील पहुंचे, जहां उन्होंने रजिस्ट्री की औपचारिकताएं पूरी कीं। रजिस्ट्री के दौरान तहसील परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। रजिस्ट्री पूरी होने के बाद खट्टर ने भाई और परिवार को बधाई दी और कहा कि इस रकम का उपयोग जरूरतमंदों की मदद और जनहित कार्यों में किया जाएगा।

बताया गया है कि यह जमीन रोहतक के बनियानी गांव में स्थित है, जो खट्टर परिवार की पैतृक संपत्ति रही है। बंटवारे में मनोहर लाल खट्टर के हिस्से में करीब डेढ़ एकड़ जमीन आई थी। उन्होंने इस जमीन को सामाजिक कल्याण कार्यों के लिए बेचने का निर्णय लिया।

खट्टर ने कहा, "जीवन में जो कुछ मिला, वह समाज और देश की कृपा से मिला है। इसलिए समाज के लिए कुछ लौटाना मेरा कर्तव्य है।" उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री राहत कोष में राशि देने से कई जरूरतमंद लोगों को सहायता मिल सकेगी।

खट्टर इससे पहले भी सामाजिक कार्यों में अग्रणी रहे हैं। उन्होंने अपने गांव बनियानी स्थित पुश्तैनी घर को ‘मां शांति देवी पुस्तकालय’ के नाम दान किया था। इस पुस्तकालय में ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए पुस्तकें, अध्ययन सामग्री और शांत वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है।

यह कदम एक बार फिर खट्टर की जनसेवा और पारदर्शिता की सोच को दर्शाता है। रजिस्ट्री के समय उनके साथ परिवार के सदस्य, स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी और कुछ समर्थक भी मौजूद रहे।