पहलगाम आतंकी हमला: NIA की चार्जशीट पर विनय नरवाल के पिता की प्रतिक्रिया, जानें
पहलगाम आतंकी हमले की NIA चार्जशीट पर विनय नरवाल के पिता का बयान। लश्कर के सहयोगी ग्रुप, लोकल नेटवर्क और पाकिस्तान की भूमिका पर उठे सवाल।
- NIA ने पहलगाम आतंकी हमले की चार्जशीट समय से पहले कोर्ट में दाखिल की
- लश्कर-ए-तैयबा के सहयोगी ग्रुप का नाम चार्जशीट में शामिल
- लोकल मददगारों की भूमिका पर भी जांच की मांग
करनाल में एनआईए द्वारा कोर्ट में चार्जशीट फाइल किए जाने के मामले पर विनय नरवाल के पिता ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि एनआईए ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर अपनी जांच रिपोर्ट समय से पहले कोर्ट में पेश की है, जो काबिले तारीफ है।
उन्होंने बताया कि इस मामले में कई लोगों के नाम सामने आए हैं और लश्कर-ए-तैयबा के सहयोगी ग्रुप का नाम भी एनआईए ने अपनी चार्जशीट में शामिल किया है। उनका कहना है कि जांच एजेंसी ने अपने स्तर पर गहन जांच की होगी और जांच में कई अहम तथ्य सामने आए होंगे।
विनय नरवाल के पिता ने कहा कि ऑपरेशन महादेव के दौरान भारत सरकार ने आतंकियों को मुंहतोड़ जवाब दिया था और उस दौरान कुछ आतंकवादी मारे भी गए थे, जिनके नाम भी चार्जशीट में शामिल हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले में अभी और जांच की गुंजाइश हो सकती है।
उन्होंने दावा किया कि अपने स्तर पर जानकारी जुटाने पर उन्हें महसूस हुआ कि कुछ लोकल लोग भी इसमें शामिल हो सकते हैं, जो आतंकियों को पल-पल की अपडेट दे रहे थे। उन्होंने कहा कि यह हमला पूरी तरह से पहले से प्लान किया गया था और आतंकियों को यह तक पता था कि किसे और कैसे निशाना बनाना है।
उन्होंने कहा कि एनआईए ने अपने स्तर पर जांच की है, लेकिन जो बातें उन्हें पता चली हैं, वही उन्होंने मीडिया के सामने रखी हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में हुए हालिया हमले का जिक्र करते हुए कहा कि वहां भी हमलावरों की जड़ें पाकिस्तान से जुड़ी बताई जा रही हैं।
विनय नरवाल के पिता ने कहा कि देश की सुरक्षा एजेंसियां और सुरक्षा बल अपना काम पूरी निष्ठा से कर रहे हैं और उनका सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि दुनिया में कहीं भी आतंकी हमला हो, उसका सिरा पाकिस्तान से जुड़ता नजर आता है।
उन्होंने सभी देशों से अपील की कि पाकिस्तान के खिलाफ मिलकर सख्त कदम उठाए जाएं। उनका कहना है कि वहां की सरकार और सेना आतंकियों को तैयार करती है और उन्हें दुनिया भर में फैलाती है। उन्होंने कहा कि सरकार और जांच एजेंसियों पर भरोसा रखने की जरूरत है, कार्रवाई चल रही है और आगे भी जारी रहेगी।
Author1