भाजपा नेत्री को जान से मारने की धमकी, इस कांग्रेस विधायक पर आरोप
नूंह की भाजपा नेत्री निशा सैनी को जान से मारने की धमकियां मिलीं। उन्होंने SP और CM को शिकायत भेजी। कांग्रेस MLA मामन खान पर निशाना बनाने का आरोप, पुलिस जांच जारी।
- नूंह में भाजपा नेत्री निशा सैनी को जान से मारने की धमकी
- कांग्रेस MLA मामन खान पर निशाना बनाने का आरोप
- SP और CM को दी लिखित शिकायत, स्कॉर्पियो से पीछा करने का दावा
हरियाणा के नूंह जिले में भाजपा मंडल अध्यक्ष और ग्रीवेंस कमेटी की सदस्या निशा सैनी को मिल रही धमकियों ने गंभीर मोड़ ले लिया है। पिछले कई महीनों से लगातार धमकियां मिलने के बाद निशा सैनी ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को सोशल मीडिया के माध्यम से पत्र लिखकर अपनी जान और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि हालात इतने चिंताजनक हो गए हैं कि तत्काल कार्रवाई जरूरी है।
निशा सैनी ने कांग्रेस विधायक मामन खान पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि लगातार उन्हें राजनीतिक कारणों से निशाना बनाया जा रहा है। इस संबंध में उन्होंने नूंह के पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत देकर आरोपियों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
निशा सैनी के अनुसार 1 दिसंबर 2025 को नूंह स्थित भाजपा कार्यालय जाते समय भादस के पास एक स्कॉर्पियो गाड़ी ने उनका पीछा किया। शाम करीब साढ़े सात बजे वही स्कॉर्पियो फिर दिखाई दी और बस स्टैंड फिरोजपुर झिरका तक पीछा करती रही। गाड़ी का नंबर HR 26 ET 9856 बताया गया है। उन्होंने कहा कि इसकी जांच कर दोषियों का पता लगाया जाना चाहिए, क्योंकि यह घटना उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीर खतरा उत्पन्न करती है।
उन्होंने यह भी बताया कि इससे पहले 15 मई 2024 को फोन पर भी उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई थी। इतना ही नहीं, बड़कली चौक पर दो अज्ञात बाइक सवारों ने चेहरा ढककर उन्हें चेतावनी दी थी कि वे भाजपा का प्रचार बंद कर दें। इस संबंध में उन्होंने एफआईआर नंबर 320 का जिक्र किया और कहा कि लगातार मिल रही धमकियां उनके लिए चिंता का विषय बन चुकी हैं।
निशा सैनी ने कांग्रेस विधायक मामन खान पर आरोप लगाते हुए दावा किया कि नागल मुबारक पुर से जुड़े एक मामले में उन्होंने भाजपा कार्यकर्ता का समर्थन किया, जिसके बाद सीएम विंडो पर कार्रवाई हुई। इसके चलते कांग्रेस समर्थकों में असंतोष पैदा हुआ और उन्हें लगातार निशाना बनाया जाने लगा। आरोप है कि विधायक मामन खान ने उनके जेठ को फोन कर उनसे बात करवाने के लिए कहा था।
हालांकि कांग्रेस विधायक मामन खान ने सभी आरोपों का खंडन किया है। उन्होंने कहा कि उनकी कभी निशा सैनी से बात नहीं हुई। नागल मुबारक पुर में कुछ लोगों के बीच आपसी झगड़ा चल रहा है और उसी विवाद को उनकी ओर मोड़कर गलत तरह से प्रस्तुत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वे इस मामले में कहीं भी शामिल नहीं हैं और आरोप पूरी तरह निराधार हैं।
फिरोजपुर झिरका के डीएसपी अजायब सिंह ने बताया कि शिकायत मिल चुकी है, जिसकी जांच की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेकर सुरक्षा पहलुओं पर भी नजर बनाए हुए है।अ
Author1