गांव-गांव तक पहुंचा पानीपत पुलिस का अभियान "नशे से दूरी है जरूरी"

पानीपत पुलिस द्वारा "नशे से दूरी है जरूरी" अभियान के तहत स्कूलों और ब्लड डोनेशन कैंप में युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक किया गया। चौकीदारों से मुनादी करवा कर गांव-गांव में संदेश पहुंचाया जा रहा है।

गांव-गांव तक पहुंचा पानीपत पुलिस का अभियान "नशे से दूरी है जरूरी"

➤ पानीपत पुलिस का अभियान "नशे से दूरी है जरूरी" जागरूकता कार्यक्रमों के साथ जारी
➤ स्कूल और ब्लड डोनेशन कैंप में युवाओं को नशे के दुष्परिणामों और फायदे समझाए गए
➤ चौकीदारों से मुनादी करवा कर सभी गांवों में नशा विरोधी संदेश पहुंचाया जा रहा है

समालखा,अशोक शर्मा

समाज को नशे की बुराई से बचाने के उद्देश्य से पानीपत पुलिस द्वारा लगातार जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक के दिशा-निर्देश पर "नशे से दूरी है जरूरी" अभियान के तहत शनिवार को गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल राक्सेडा और जितेंद्र अस्पताल समालखा में आयोजित ब्लड डोनेशन कैंप के दौरान युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया।

इस मौके पर एएसआई जगपाल ने उपस्थित युवाओं को संबोधित करते हुए बताया कि नशे से व्यक्ति का शरीर और दिमाग दोनों कमजोर हो जाते हैं। परिवार और दोस्तों के साथ संबंध बिगड़ते हैं, समाज में इज्जत घटती है और आर्थिक नुकसान भी होता है। वहीं, नशा छोड़ने से स्वास्थ्य बेहतर रहता है, रिश्ते मजबूत होते हैं और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा आती है।

जगपाल ने आम नागरिकों के बीच जाकर भी संवाद किया और उनसे अपील की कि वे खुद नशे से दूर रहें और अपने आसपास के लोगों को भी नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि इस सामाजिक बुराई को खत्म करने के लिए सभी का सहयोग आवश्यक है।

पुलिस की ओर से जानकारी दी गई कि जिले के सभी गांवों में चौकीदारों के माध्यम से मुनादी करवा कर नशे के खिलाफ लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इस अभियान का मकसद युवाओं को नशे से बचाकर उन्हें एक स्वस्थ और सम्मानजनक जीवन की ओर अग्रसर करना है।